मुख्यमंत्री धामी रहेंगे मौजूद, मंदिर 51 क्विंटल फूलों से सजा
अविकल उत्तराखंड
रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार सुबह 8 बजे शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने के साथ ही केदारनाथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ होगा। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेंगे।
कपाट खुलने को लेकर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु केदारनाथ पहुंचने लगे हैं। बाबा केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली के धाम पहुंचने के साथ ही पूरे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का माहौल बना हुआ है। कपाट खुलने से पहले मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया है। केदारनाथ मंदिर को 51 क्विंटल ताजे गेंदे के फूलों से सजाया गया है, जिससे पूरा धाम आकर्षक और आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर दिखाई दे रहा है।
जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग ने यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। यात्रा मार्गों की मरम्मत के साथ पैदल मार्ग पर पेयजल, शौचालय, भोजन और आवास की व्यवस्थाएं की गई हैं। साथ ही बिजली और सोलर लाइट की भी व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करते हुए हर दो किलोमीटर पर चिकित्सा सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं। यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हैं। यात्रा मार्ग से लेकर धाम परिसर तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।
मंदिर परिसर में मोबाइल पर पूरी तरह प्रतिबंध
केदारनाथ मंदिर परिसर के भीतर मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। मंदिर समिति के अनुसार श्रद्धालु मंदिर परिसर में मोबाइल से फोटो या वीडियो नहीं बना सकेंगे। सोशल मीडिया के लिए रील बनाना भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने परब सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यहां कर सकेंगे फोटोग्राफी
मंदिर समिति के अनुसार मंदिर से लगभग 80 मीटर दूर निर्धारित स्थान पर ही श्रद्धालु फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर सकेंगे। इसके अलावा मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में फोटो और वीडियो बनाने की अनुमति नहीं होगी।
मोबाइल और कीमती सामान के लिए लॉकर सुविधा
इस वर्ष मंदिर परिसर के पास एक स्थान पर लॉकर सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यहां श्रद्धालु अपने मोबाइल फोन, पर्स और अन्य कीमती सामान सुरक्षित रख सकेंगे।

