‘2027 का विधानसभा चुनाव धामी के नेतृत्व में लड़ेगी भाजपा’

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अफवाहों के कपाट पर लगाया ताला

नितिन नवीन के ऐलान से भाजपा में बढ़ी हलचल

अविकल थपलियाल

देहरादून। इधऱ, उत्तराखण्ड के चार धामों के कपाट खुले और उधर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अफवाहों के कपाट पर ताला लगा दिया।
राष्ट्रीय  अध्यक्ष ने एक टीवी चैनल में साफ कह दिया कि उत्तराखंड और यूपी में 2027 का विधानसभा चुनाव पुष्कर सिंह धामी और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लड़ा जाएगा।


भाजपा अहयक्ष नितिन नवीन के ताजे इंटरव्यू से जुड़ा वीडियो पल भर में प्रदेश के कोने कोने में पहुंच गया।
नितिन नबीन का यह बयान ऐसे समय पर आया जब भाजपा की अंदरूनी उठापटक धीरे धीरे शबाब पर पहुंच गई थी।

देखें वीडियो

https://x.com/i/status/2047229145076093018


भाजपा का एक गुट लम्बे समय से पुष्कर सिंह धामी की विदाई की कई तारीख घोषित कर चुका था। बीते कुछ महीनों से यह सिलसिला बढ़ता ही जा रहा था।
चार साल से धामी कैबिनेट का विस्तार नहीं होने से विरोधी गुट की तारीख दर तारीख अभियान को विशेष बल भी मिल रहा था।पूर्व सीएम त्रिवेंद्र रावत, विधायक अरविंद पांडेय समेत कुछ अन्य प्रमुख भाजपा नेता समय समय पर सरकार के कामकाज पर तल्ख टिप्पणी कर माहौल को गर्म रखने में अहम भूमिका में नजर आ रहे थे। विपक्ष और मीडिया को भी खूब मसाला मिल रहा था।
इस बीच यह जंग चरम पर पहुंच गई थी। जब बीते सात मार्च के अमित शाह के हरिद्वार दौरे के  समय विधायक अरविंद पांडे ने गदरपुर में पार्टी नेताओं के जमावड़े का पूरा इंतजाम कर लिया ।


विरोधी गुट के इस गदरपुर जुटान में पूर्व सीएम त्रिवेंद्र और सांसद अनिल बलूनी के रवानगी कार्यक्रम से दिल्ली तक हलचल मच गई थी। लेकिन ऐन मौके पर केंद्रीय नेतृत्व ने हस्तक्षेप कर दोनों नेताओं के गदरपुर कूच पर ब्रेक लगा कर स्थिति संभाल ली थी।
इस गदरपुर एपिसोड के बाद भाजपा के अंदर जारी हलचल कुछ पलों के लिए थमी भी।


इधऱ, मामले की नजाकत को भांपते हुए
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नया पासा फेंकते हुए 20 मार्च को बहुप्रतीक्षित कैबिनेट  विस्तार कर सभी को चौंका दिया। धामी ने 5 विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल करवा कोरम पूरा कर लिया।


इस कदम के बाद उन लोगों को झटका भी लगा जो लंबित चल रहे कैबिनेट विस्तार को धामी की विदाई से जोड़कर कह रहे थे। सत्ता के गलियारों में यह चर्चा आम हो गयी थी कि केंद्रीय नेतृत्व जल्द ही उत्तराखण्ड भाजपा में सब कुछ बदल डालेंगे। लेकिन ऐसा नही हुआ। और पांच विधायक मंत्री बन गए।
इधऱ,14 अप्रैल को पीएम मोदी का दून में रोड शो और सफल रैली के बाद अंदरूनी बाजी पलटती नजर आयी। इस बीच, सीएम धामी ने पार्टी नेताओं को दायित्व बांटने का सिलसिला भी शुरू कर दिया। दायित्वधारियों में सीएम की पसंद ही प्रमुख रही।
और अब चारधामों के कपाट खुलने के साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक प्रमुख टीवी चैनल में दिए गए इंटरव्यू में सीएम धामी के नेतृत्व की तारीफ कर नये संकेत दे दिए।
उन्होंने कहा कि, धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड आगे बढ़ रहा है। सीएम धामी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं।
नितिन नवीन ने यह भी ऐलान कर दिया कि 2027 का विधानसभा चुनाव सीएम धामी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा।
बीते कई सालों से विदाई की अफवाहों के बीच भाजपा के बड़े नेता का इस तरीके का बयान पहली बार आया है। नितिन नवीन के बयान के बाद भाजपा की अंदरूनी हलचल किस नयी करवट बैठती है,यह तो आने वाले समय में पता चलेगा।
हालांकि, राजनीति में कुछ भी दावे के साथ नहीं कहा जा सकता । लेकिन भाजपा में जारी अफवाहों के बाजार के कपाट यकायक बंद होने से कई राजनीतिक समीकरण उलट पुलट गए हैं…भाजपा की राजनीति का ऊंट अब नयी करवट जो  बैठ गया..

Pls clik

भ्रामक व तथ्यहीन सूचना प्रसारित करने वालों पर मुकदमा दर्ज

टिहरी जिले में मैक्स खाई में गिरी,आठ की मौत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *