गाड़ोवली, सराय और रोहालकी में ध्वस्तीकरण, बिना मानचित्र निर्माण पर चेतावनी
अविकल उत्तराखण्ड
हरिद्वार। शहर में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ प्राधिकरण ने सख्त कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर निर्माण ध्वस्त किए। गाड़ोवली हरिद्वार में रिंग रोड के सर्विस रोड पर सन्नी पंजाबी द्वारा लगभग 4 बीघा भूमि पर अवैध प्लॉटिंग का निर्माण कार्य किया जा रहा था।
हरिद्वार सराय में रिंग रोड रेलवे फाटक से पहले रबीश अहमद द्वारा लगभग 8 से 10 बीघा भूमि पर तथा रोहालकी हरिद्वार में रिंग रोड के सर्विस रोड पर सौरभ त्यागी द्वारा लगभग 10 बीघा भूमि पर अवैध प्लॉटिंग का कार्य किया जा रहा था।
प्राधिकरण द्वारा उक्त सभी अनाधिकृत प्लॉटिंग के विरुद्ध अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए मुकदमा भी दर्ज किया है।
स्थल पर बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद निर्माण कार्य बंद न करने पर प्राधिकरण की टीम ने पुलिस बल की उपस्थिति में अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद निर्माणकर्ताओं को निर्देश दिए गए कि बिना मानचित्र स्वीकृत कराए किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न किया जाए। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

