नशा मुक्त शादी करने पर नवदंपति का सम्मान

प्लास गांव बना मिसाल

टिहरी गढ़वाल/संवाददाता। जनपद टिहरी गढ़वाल के चंबा ब्लॉक स्थित ग्राम प्लास में ग्राम समाज सुधार समिति द्वारा नशा मुक्त शादी करने वाले नवविवाहित दंपति को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान ममता नौटियाल एवं ग्राम समाज सुधार समिति के सचिव विजयपाल राणा द्वारा नवदंपति अजय राणा एवं आरती राणा को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और सभी ने नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। उल्लेखनीय है कि प्लास गांव को पूर्व में ही नशा मुक्त गांव घोषित किया जा चुका है, जिसका पालन ग्रामवासी निरंतर कर रहे हैं।
इस अवसर पर दूल्हे अजय राणा ने “शराब नहीं संस्कार” मुहिम के प्रणेता सुशील बहुगुणा का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से समाज में यह सकारात्मक बदलाव संभव हो पाया है और इस प्रकार की पहलें नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक हैं।

ग्राम प्रधान ममता नौटियाल ने अपने संबोधन में ग्रामवासियों के सहयोग की सराहना करते हुए सभी को बधाई दी तथा भविष्य में भी ऐसे सामाजिक अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
ग्राम समाज सुधार समिति के सचिव विजयपाल राणा ने कहा कि गांव में होने वाले सभी विवाह एवं धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रम नशा मुक्त होंगे, जिसका पालन ग्रामवासी कर रहे हैं। साथ ही समिति द्वारा ऐसे परिवारों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया जा रहा है।

कार्यक्रम में दूल्हे के पिता पूरण सिंह राणा, माता अहिल्या देवी, तथा समिति के सदस्य राजमती, कुसुम, गीता, पिंकी, लक्ष्मी सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *