नशा मुक्त विवाह पर नवदंपति का सम्मान

समाज सुधार की दिशा में प्रेरक पहल

टिहरी गढ़वाल। चम्बा ब्लॉक के ग्राम सौंदकोटि में ग्राम समाज सुधार समिति द्वारा नशा मुक्त विवाह सम्पन्न कराने वाले नवदंपति को प्रशस्ति प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस दौरान समिति ने दुल्हन अंकिषा एवं दूल्हा अजय को सम्मानित करते हुए उनके इस सराहनीय कदम की प्रशंसा की। कार्यक्रम में ग्राम के गणमान्य नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

समारोह में दुल्हन अंकिषा के माता-पिता अनीता देवी एवं धर्म सिंह सहित ग्राम प्रधान मंगल सिंह नेगी, वार्ड सदस्य कृष्णा नेगी, विनीता देवी तथा ग्राम सुधार समिति के अध्यक्ष सुजान सिंह उपस्थित रहे। इसके अलावा धन सिंह नेगी, दमन सिंह नेगी, उत्तम सिंह नेगी, होशियार सिंह, आशीष सिंह, सुरेंद्र सिंह, विमला देवी, आशा देवी, लक्ष्मी देवी एवं संगीता देवी सहित अनेक ग्रामीणों ने नवदंपति को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर “शराब नहीं, संस्कार” मुहिम के प्रणेता सुशील बहुगुणा ने कहा कि नशा मुक्त विवाह समाज को एक सकारात्मक दिशा देता है तथा युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनता है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास समाज में नशे की प्रवृत्ति को समाप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

ग्राम प्रधान मंगल सिंह नेगी ने कहा कि ग्राम पंचायत द्वारा पहले ही नशा मुक्त ग्राम बनाने का संकल्प लिया जा चुका है और भविष्य में भी ऐसे संस्कारयुक्त आयोजनों को बढ़ावा दिया जाएगा।

वहीं, दुल्हन अंकिषा ने कहा कि उन्होंने यह निर्णय समाज के हित में लिया है, ताकि आने वाली पीढ़ी को सही संदेश मिल सके। दूल्हा अजय ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे जीवनभर नशा मुक्त समाज के इस अभियान को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।

कार्यक्रम का समापन नशा मुक्त समाज के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *