अंशुमन, प्रिन्स टोलिया, कार्तिक कुमार को मिली स्कॉलरशिप

सामुदायिक पुस्तकालय की पहल

“आओ अपने गांव से जुड़े” अभियान के तहत हुआ कार्यक्रम

अविकल उत्तराखंड

मुनस्यारी। “आओ अपने गांव से जुड़े” अभियान के तहत बुधवार को राजकीय प्राथमिक विद्यालय जैती के अंशुमन, प्रिन्स टोलिया, कार्तिक को तारा देवी लसपाल व कुंवर सिंह लसपाल की स्मृति में स्कॉलरशिप प्रदान किया गया। इसबीच अभिभावकों के साथ संवाद स्थापित कर विद्यार्थियों को अतिरिक्त समय दिए जाने का आव्हान किया गया।

सामुदायिक पुस्तकालय की पहल पर सरमोली कुंवर निवास के निवासी दूरसंचार विभाग दिल्ली से सेवानिवृत्त भूपाल सिंह लसपाल ने अपनी माता तारा देवी व पिता कुंवर सिंह लसपाल की पुण्य स्मृति में वर्ष 2024 से इस विद्यालय के तीन टाॅपर्स विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप देने की शुरुआत की थी। इसी क्रम में आज सम्मान समारोह आयोजित कर कक्षा 5 में 75 प्रतिशत अंक लाने वाले अंशुमन, कक्षा 3 में 66 प्रतिशत अंक लाने वाले प्रिन्स टोलिया, कक्षा एक में 65.55 अंक लाने वाले कार्तिक कुमार को नगर पंचायत के सभासद प्रतिनिधि महेश रावत, प्रधानाध्यापक चन्द्र सिंह बृजवाल, जूनियर हाईस्कूल की शिक्षिका हंसा लसपाल ने स्कॉलरशिप की नगद धनराशि दी।

प्रधानाध्यापक चन्द्र सिंह बृजवाल ने इस अनूठे अभियान की प्रशंसा की। कहा कि इस अभियान से शैक्षिक नवाचार को बढ़ावा मिलेगा।

सभासद प्रतिनिधि महेश सिंह रावत ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र को इस तरह के अभिनव प्रयोग की नितांत आवश्यकता है।
सामुदायिक पुस्तकालय के जनक जगत सिंह मर्तोलिया ने इस स्कॉलरशिप के लिए धनराशि दिए जाने के लिए भूपाल सिंह लसपाल का आभार व्यक्त किया। कहा कि सामुदायिक पुस्तकालय एक माध्यम है। जन सहयोग से ही इस तरह के अभियान सफल हो सकते है।

कार्यक्रम में टाॅपर्स ने अपनी दिनचर्या बताया। इनके अभिभावकों ने अपने टाॅपर्स बच्चों की विशेषता पर प्रकाश डाला। राजकीय जूनियर हाईस्कूल के विद्यार्थियों ने भी इस कार्यक्रम में भाग लिया।

इस मौके पर शिक्षक मोहन कुमार, शिक्षिका हंसा लसपाल, पूनम रावत, चंपा मेहरा, एसएमसी की अध्यक्ष हंसा देवी, सामुदायिक पुस्तकालय की दिशा मर्तोलिया उपस्थित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *