श्रीनगर में जनगणना कार्यों की समीक्षा
अविकल उत्तराखंड
श्रीनगर। उत्तराखंड शासन के संस्कृत शिक्षा, जनगणना एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग के सचिव दीपक कुमार ने गुरुवार को श्रीनगर पहुंचकर जनगणना के हाउस लिस्टिंग कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। साथ ही राज्य की द्वितीय राजभाषा संस्कृत के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने के लिए सरकारी कार्यालयों में संस्कृत भाषा में नाम पट्टिकाएं लगाए जाने पर भी जोर दिया।
गढ़वाल मंडल विकास निगम परिसर में आयोजित समीक्षा बैठक में तहसील श्रीनगर और नगर निगम श्रीनगर के चार्ज जनगणना अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान सचिव ने जनगणना कार्यों की प्रगति, व्यवस्थाओं और सामने आ रही दिक्कतों की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि हाउस लिस्टिंग का लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है और शेष कार्य भी तय समय से पहले पूर्ण कर लिया जाएगा।
सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी कार्य समयबद्ध और सुव्यवस्थित तरीके से संपादित किए जाएं।
बैठक में संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार को लेकर भी चर्चा हुई। सचिव ने निर्देश दिए कि नगर निगम और तहसील परिसर के मुख्य सूचना बोर्डों के साथ-साथ सभी अधिकारियों और कक्षों की नाम पट्टिकाएं संस्कृत भाषा में भी लिखी जाएं, ताकि आमजन में संस्कृत के प्रति जागरूकता और उपयोग को बढ़ावा मिल सके।

