बहादराबाद और रोशनाबाद में दो व्यावसायिक निर्माण सील
अविकल उत्तराखंड
हरिद्वार। प्राधिकरण ने बहादराबाद और रोशनाबाद क्षेत्र में चल रहे दो अवैध व्यावसायिक निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निर्माण स्थलों को सील कर दिया। लगातार निर्देशों के बावजूद निर्माण कार्य बंद नहीं किए जाने पर यह कार्रवाई की गई।
प्राधिकरण के अनुसार, बहादराबाद क्षेत्र के अनेकी हेतमपुर अनेकी पुल के बाद औरंगाबाद मार्ग पर आर्यन हेरिटेज स्कूल प्रबंधन द्वारा पूर्व निर्मित भवन के ऊपर द्वितीय तल पर लगभग 120×50 फीट क्षेत्रफल में व्यावसायिक निर्माण कराया जा रहा था। वहीं, रोशनाबाद स्थित नवोदय चौक के पास सेंट थॉमस स्कूल प्रबंधन द्वारा लगभग 60×40 फीट क्षेत्रफल में व्यावसायिक निर्माण किया जा रहा था।

बिना स्वीकृति निर्माण पर कार्रवाई जारी
प्राधिकरण ने बताया कि दोनों मामलों में अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत वाद दर्ज किए गए थे। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने पर टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों अवैध निर्माणों को सील कर दिया। साथ ही संबंधित निर्माणकर्ताओं को बिना स्वीकृति किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं करने के निर्देश दिए गए।

