मुख्यमंत्री कार्यालय को सौंपे सैकड़ों हस्ताक्षरयुक्त पोस्टर
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। निर्माण मजदूरों के पंजीकरण की व्यवस्था बहाल कर ने की मांग को लेकर सृष्ट मंडल ने मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर सैकड़ों हस्ताक्षरयुक्त पोस्टर सौंपे।
शहरभर में चलाए गए हस्ताक्षर अभियान के समापन पर यूनियन प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के जनसंपर्क अधिकारी हरीश कोठारी को ज्ञापन सौंपते हुए मजदूरों की समस्याओं से अवगत कराया।
प्रतिनिधियों ने कहा कि बढ़ती महंगाई और गैस संकट के बीच मजदूर वर्ग पहले ही आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा है। ऐसे समय में उन्हें अपने कानूनी अधिकारों की सबसे अधिक आवश्यकता है, लेकिन अधिकांश निर्माण मजदूरों का पंजीकरण नहीं हो पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पात्र मजदूरों की जगह अपात्र लोगों का पंजीकरण किया जा रहा है।
वक्ताओं ने सरकार को याद दिलाया कि दो वर्ष पूर्व कैग की रिपोर्ट में भी यह तथ्य सामने आया था कि राज्य में पात्र मजदूरों में से 10 प्रतिशत से कम ही पंजीकृत हैं, जबकि पंजीकृत लोगों में आधे से अधिक अपात्र पाए गए थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं श्रम मंत्री भी हैं, इसलिए मजदूरों की मांग सीधे उनके समक्ष रखी गई है।
जनसंपर्क अधिकारी हरीश कोठारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों और समस्याओं को मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में उत्तराखंड नव निर्माण मजदूर संघ की ओर से राजेंद्र शाह, रामू सोनी (गांधीग्राम), प्रभु पंडित (चुक्कूमोहल्ला), पप्पू (सिंघल मंडी) और संजय (सिंघल मंडी) शामिल रहे।

