पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों पर आक्रोश जताया
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। उत्तराखंड महिला कांग्रेस की वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशा मनोरमा डोबारियाल के नेतृत्व में बुधवार को एस्लेहाल चौक स्थित पेट्रोल पंप पर महंगाई के विरोध में प्रदर्शन किया गया। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ नारेबाजी की।
इस अवसर पर आशा मनोरमा डोबारियाल ने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम जनता का जीवन कठिन बना दिया है। गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में लगातार वृद्धि से लोगों की रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। उन्होंने कहा कि सरकार पश्चिम एशिया और ईरान युद्ध से उत्पन्न परिस्थितियों का सही आकलन नहीं कर पाई है। चुनाव से पहले सरकार बड़े-बड़े दावे कर रही थी, लेकिन आज रोजमर्रा की हर वस्तु महंगी हो चुकी है और आम आदमी का जीवन दूभर हो गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के मंत्री केवल दिखावटी बयानबाजी कर रहे हैं, जबकि युवा बेरोजगारी से परेशान हैं और महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उनका कहना था कि उत्तराखंड में अपराध के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जब पूरा विपक्ष संसद के दोनों सदनों में पश्चिम एशिया की स्थिति और उसके भारत पर पड़ने वाले प्रभावों पर चर्चा की मांग कर रहा है, तब केंद्र सरकार इस पर बहस से बच रही है। इससे स्पष्ट है कि सरकार अपनी नीतियों को लेकर असहज है।
महिला कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और रसोई गैस के लगातार बढ़ते दामों ने गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की कमर तोड़ दी है। गृहिणियों का घरेलू बजट पूरी तरह प्रभावित हुआ है और महंगाई, बेरोजगारी तथा भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता का ध्यान मूल मुद्दों से हटाने के लिए साम्प्रदायिक मुद्दों को हवा दे रही है।
प्रदर्शन में चंद्रकला नेगी, पुष्पा पंवार, पूनम सिंह, दीपा चौहान, रेखा डिंगरा, अनुराधा तिवारी, भवना शर्मा, सवित्री थापा, मंजू और मीना सहित कई महिला कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

