एक सप्ताह में मुकदमा दर्ज न होने पर कांग्रेस देगी धरना
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस महानिरीक्षक (साइबर)नीलेश से मुलाकात कर सोशल मीडिया पर कांग्रेस नेताओं के खिलाफ चलाए जा रहे कथित दुष्प्रचार अभियान के संबंध में ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने स्क्रीनशॉट, वीडियो लिंक और अन्य साक्ष्य भी पुलिस प्रशासन को उपलब्ध कराए।
ज्ञापन में कहा गया कि फेसबुक पर “वसूली अभियान मोर्चा” नामक पेज के माध्यम से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और अन्य वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ एआई जनरेटेड व भ्रामक वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं। कांग्रेस का आरोप है कि इन वीडियो का उद्देश्य पार्टी और नेताओं की छवि धूमिल करना है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस मामले में पहले भी शिकायतें दी जा चुकी हैं। पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक न मुकदमा दर्ज हुआ और न ही दोषियों के खिलाफ कोई ठोस कदम उठाया गया।
प्रतिनिधिमंडल में राजेंद्र भंडारी, पूर्व विधायक Manoj Rawat, गरिमा मेहरा दसौनी, राजेश चमोली, राजेंद्र शाह, प्रशांत खंडूरी और रितेश जोशी शामिल रहे।
राजेंद्र भंडारी ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति का सम्मान होना चाहिए, लेकिन फर्जी वीडियो और दुष्प्रचार के जरिए राजनीतिक दलों और नेताओं की छवि खराब करना गंभीर अपराध है। मनोज रावत ने कहा कि यदि ऐसे तत्वों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यह लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सौहार्द के लिए खतरा बन जाएगा।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर मुकदमा दर्ज कर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी पुलिस मुख्यालय और एसएसपी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करेगी।


