आंदोलनकारियों के 10 प्रतिशत आरक्षणकी लड़ाई जारी रखने का आह्वान
अविकल उत्तराखंड
बड़कोट। उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन के वरिष्ठ नेता एवं कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष Dhirendra Pratap को यमुना घाटी में आंदोलनकारियों द्वारा “उत्तराखंडी जंग बंधु” सम्मान से सम्मानित किया गया। चिन्हित राज्य आंदोलनकारी संयुक्त समिति के यमुना घाटी जिला अध्यक्ष पृथ्वीराज कपूर की अध्यक्षता में आयोजित सम्मेलन में राज्य आंदोलन में उनके योगदान को देखते हुए यह सम्मान प्रदान किया गया।
पुरोला, नौगांव, उत्तरकाशी, बड़कोट और चिन्यालीसौड़ से पहुंचे आंदोलनकारियों ने ढोल-दमाऊ और रणसिंघा के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान बड़कोट में जुलूस निकाला गया और आंदोलनकारियों ने जोरदार नारेबाजी की।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए धीरेंद्र प्रताप भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में आंदोलनकारियों को सरकारी नौकरियों में 10 प्रतिशत आरक्षण दिलाने के लिए लंबा संघर्ष किया गया था, लेकिन भाजपा सरकार अब तक इसे लागू नहीं कर पाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सचिवालय घेराव के दौरान अधिकारियों द्वारा दिए गए आश्वासन भी पूरे नहीं हुए।
उन्होंने आंदोलनकारियों से “समय दान” देने का आह्वान करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक और गांधीवादी तरीके से संघर्ष तेज किया जाएगा। उन्होंने नारा दिया— “दो रोटी खाएंगे, आंदोलनकारियों को सम्मान दिलाएंगे।”
सम्मेलन में हरिकृष्ण भट्ट, सावित्री नेगी, कमला पांडे, विष्णु डिमरी, अतुल रावत, डॉ. विजेंद्र पोखरियाल और अन्य नेताओं ने भी आंदोलनकारियों की मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई।


