“राष्ट्रसेवा और ईमानदारी की विरासत सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी”
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री मेजर जनरल (रि.) भुवन चंद्र खण्डूड़ी के निधन पर देश-प्रदेश से उमड़ी संवेदनाओं, श्रद्धांजलियों और आत्मीय सहयोग के प्रति उनके परिवार ने भावुक होकर आभार व्यक्त किया है।
ऋतु खण्डूडी भूषण और मनीष खण्डूडी द्वारा जारी संदेश में कहा गया कि इस दुःखद घड़ी में जनप्रतिनिधियों, सेना एवं अर्धसैनिक बलों, प्रशासनिक और न्यायिक अधिकारियों, राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, अधिवक्ताओं, पूर्व सैनिकों, शैक्षिक एवं धार्मिक संस्थाओं, मीडिया जगत तथा असंख्य नागरिकों ने दूरभाष, संदेश, पत्र और सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी संवेदनाएँ व्यक्त कीं। परिवार ने सभी के प्रति विनम्र कृतज्ञता जताई।
संदेश में विशेष रूप से उन लोगों का आभार व्यक्त किया गया जिन्होंने उनके निवास पर पहुंचकर अंतिम दर्शन किए तथा हरिद्वार में आयोजित अंत्येष्टि कार्यक्रम में शामिल होकर श्रद्धासुमन अर्पित किए। परिवार ने कहा कि इस कठिन समय में मिला आत्मीय सहयोग उनके लिए संबल और शक्ति का स्रोत बना।
परिवार ने कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खण्डूड़ी का जीवन राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी, सादगी और जनकल्याण के मूल्यों को समर्पित रहा। उनके प्रति व्यक्त सम्मान और श्रद्धा ने यह महसूस कराया कि उनका व्यक्तित्व केवल परिवार तक सीमित नहीं था, बल्कि वे पूरे समाज, राष्ट्र और देवभूमि उत्तराखंड के लिए प्रेरणा बने रहेंगे।



