मुख्य आरोपी महिला गिरफ्तार
10 साल पहले मृत व्यक्ति के नाम पर बनाया फर्जी
मुख्तारनामा, सहारनपुर से दबोची गई आरोपी
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। भू-माफियाओं के खिलाफ देहरादून पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पटेलनगर पुलिस ने करोड़ों रुपये मूल्य की भूमि को हड़पने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार कर स्टे लेने के मामले में मुख्य आरोपी महिला को सहारनपुर से गिरफ्तार किया है।
पटेलनगर निवासी राहुल देव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उनके ममेरे दादा केवल कृष्ण ने वर्ष 2009 में वसीयत के माध्यम से अपनी संपत्ति उनके नाम कर दी थी। वर्ष 2016 में उनके निधन के बाद राहुल देव ने वर्ष 2024 में उक्त संपत्ति अपने नाम दर्ज करा ली। वर्ष 2026 में भूमि अभिलेखों की जांच के दौरान उन्हें पता चला कि बबीता देवी ने कथित फर्जी अधिकार पत्र (पावर ऑफ अटॉर्नी) के आधार पर भूमि पर आपत्ति दर्ज कराकर स्टे प्राप्त कर लिया है।
जांच में सामने आया कि आरोपी महिला ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर करीब 10 वर्ष पहले मृत हो चुके केवल कृष्ण के नाम पर फर्जी आधार कार्ड और अन्य कूटरचित दस्तावेज तैयार किए। इसके बाद मृतक के स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति को प्रस्तुत कर फर्जी मुख्तारनामा बनवाया गया और उसी के आधार पर भूमि पर दावा ठोक दिया गया।
मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर रजिस्ट्री कार्यालय, राजस्व विभाग और विभिन्न बैंकों से संबंधित दस्तावेज जुटाए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी बबीता देवी निवासी बीराखेड़ी, थाना गंगोह, जिला सहारनपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने करोड़ों रुपये की भूमि पर कब्जा करने की नीयत से सुनियोजित षड्यंत्र रचा था। प्रकरण में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रमोद शाह, उपनिरीक्षक सुधा रावत, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार तथा महिला कांस्टेबल वंदना कंडियाल शामिल रहीं।



