पेस्टलवीड स्कूल- पारिवारिक संपत्ति विवाद ने लिया गंभीर रूप

बेटे ने माता-पिता और भाई पर लगाया उत्पीड़न का आरोप

देखें वीडियो

कमरे का ताला तोड़ने, सामान और आभूषण गायब करने की शिकायत

राजपुर थाने में कार्रवाई की मांग

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। दून के पेस्टलवीड स्कूल के मालिक प्रेम कश्यप का अपने बड़े पुत्र शरद कश्यप के बीच संपत्ति विवाद गहराता जा रहा है। 2 जून को हुई घटना के बाद शरद ने अपने पिता प्रेम कश्यप, माता किरण कश्यप व भाई आकाश कश्यप पर ताला तोड़ने, जेवर गायब करने सम्बन्धी आरोप लगाए हैं।
इस बाबत राजपुर थाने में शिकायत देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है।

मसूरी डायवर्जन रोड स्थित ओक हिल एस्टेट में रहने वाले शरद कश्यप ने अपने माता-पिता और भाई पर संपत्ति विवाद को लेकर उत्पीड़न, धमकी, जबरन कमरे में घुसने और कीमती सामान गायब करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में पीड़ित ने राजपुर थाने में लिखित शिकायत देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता शरद कश्यप ने आरोप लगाया है कि वह पारिवारिक हिस्सेदारी वाली संपत्ति का वैध हिस्सेदार है, लेकिन उसके पिता प्रेम कश्यप, माता किरण कश्यप और भाई आकाश कश्यप उस पर संपत्ति को कम कीमत पर उनके नाम हस्तांतरित करने का दबाव बना रहे हैं। विरोध करने पर उसे लगातार धमकियां दी जा रही हैं।

शिकायत में कहा गया है कि 31 मई को कुछ लोगों ने कथित रूप से उसके आवास के दरवाजे की कुंडी और ताले तोड़कर जबरन प्रवेश किया। उस समय वह घर पर मौजूद नहीं था। वापस लौटने पर उसे संपत्ति से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामान गायब मिले। इसके बाद उसने कमरे पर नया ताला लगवा दिया।

शरद कश्यप का आरोप है कि 2 जून को उसके पिता, भाई तथा अन्य लोगों ने दोबारा कमरे का ताला तोड़ दिया। मौके पर पहुंचने पर उसने कमरे में तोड़फोड़ और सामान अस्त-व्यस्त पाया। शिकायतकर्ता के अनुसार कमरे से उसकी सोने की चेन, हीरे की अंगूठी तथा उसकी पत्नी की लगभग 20 ग्राम वजनी सोने की चेन भी गायब थी। इसके अलावा बाथरूम में भी तोड़फोड़ की गई और बिजली-पानी की आपूर्ति बंद कर दी गई।

पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद उसने डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। उसने यह भी दावा किया है कि उसके और उसके परिवार की सुरक्षा को खतरा है तथा भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है।

शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने, परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित रखने तथा संपत्ति विवाद से जुड़े दस्तावेजों के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ रोकने की मांग की है।

गौरतलब है कि 2008 में गुड़गांव की सम्पत्ति विवाद के चलते शरद कश्यप परिवार के साथ सिंगापुर चले गए थे। और 14 साल बाद पिता के कहने के बाद 2022 में दून लौटे थे। पेस्टलवीड स्कूल के निदेशक शरद कश्यप के नाम लगभग 16 बीघा जमीन है। इस जमीन को हथियाने की कोशिश में 2 जून को शरद कश्यप का सामान बाहर फेंका गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *