मुख्यमंत्री धामी के संकल्प के साथ चारधाम समेत प्रदेशभर के मंदिरों में हुई विशेष पूजा
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड को मिली विकास की अनेक ऐतिहासिक सौगातें
अविकल उत्तराखंड
देहरादून । आज देवभूमि उत्तराखंड के चारों धाम—बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम सहित श्री शक्ति मंदिर, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, उत्तरकाशी तथा प्रदेश के अन्य प्रमुख मंदिरों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री पद पर लगातार 12 वर्ष पूर्ण करने के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संकल्प के साथ विशेष पूजा-अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य, कुशल नेतृत्व तथा राष्ट्र की निरंतर प्रगति के लिए विशेष अनुष्ठान संपन्न हुए।
देवभूमि उत्तराखंड का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ विशेष आत्मीय संबंध रहा है। प्रधानमंत्री बनने के बाद भी उन्होंने उत्तराखंड को केवल एक राज्य के रूप में नहीं, बल्कि अपनी आध्यात्मिक चेतना और आस्था की भूमि के रूप में देखा है। बाबा केदार के प्रति उनकी गहरी श्रद्धा तथा उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा और सनातन विरासत के प्रति उनका विशेष लगाव समय-समय पर पूरे देश ने देखा है।
केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण से लेकर चारधाम यात्रा के सुदृढ़ीकरण, सीमांत क्षेत्रों के विकास, सड़क, रेल एवं हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार, रोपवे परियोजनाओं तथा पर्यटन को नई पहचान देने तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड के विकास को सदैव विशेष प्राथमिकता दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। अंत्योदय की भावना को केंद्र में रखते हुए उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। आज भारत वैश्विक स्तर पर एक सशक्त, आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है, जिसका श्रेय प्रधानमंत्री जी के दूरदर्शी नेतृत्व और निर्णायक कार्यशैली को जाता है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड के प्रति विशेष स्नेह और मार्गदर्शन राज्य के विकास के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके नेतृत्व में उत्तराखंड निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि की समस्त जनता प्रधानमंत्री जी के स्वस्थ, सफल एवं दीर्घायु जीवन की कामना करती है, ताकि उनके नेतृत्व में भारत निरंतर प्रगति और समृद्धि के पथ पर अग्रसर रहे।



