कई स्थानों पर सीलिंग व ध्वस्तीकरण की कार्रवाई
अनधिकृत प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर
अविकल उत्तराखंड
हरिद्वार। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कई निर्माणों को सील किया तथा अवैध विकास कार्यों को ध्वस्त कर दिया।
प्राधिकरण के अनुसार अनेकी पुल से औरंगाबाद मार्ग पर स्थित अनेकी हेतमपुर, हरिद्वार में आर्यन हैरिटेज स्कूल प्रबंधन द्वारा पूर्व निर्मित भवन के ऊपर द्वितीय तल पर लगभग 120×50 फीट क्षेत्रफल में निर्माण कार्य कराया जा रहा था। वहीं बीटी गंज, रुड़की में अशोक कुमार गुप्ता एवं हर्षित गुप्ता द्वारा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण कार्य किए जाने का मामला सामने आया।
इसके अलावा नहर पटरी रोड पर मोहम्मदपुर मदरसा के निकट रुड़की में फैसल द्वारा लगभग 10 से 12 बीघा भूमि पर अनधिकृत प्लॉटिंग की जा रही थी। ढंडेरा क्षेत्र में पानी की टंकी के पास जितेंद्र राणा एवं अन्य हितबद्ध व्यक्तियों द्वारा करीब 5 से 6 बीघा भूमि पर अवैध प्लॉटिंग और विकास कार्य किए जा रहे थे। इसी प्रकार नेशनल हाईवे स्थित करौंदी क्षेत्र में सोनू एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों द्वारा लगभग 4 से 5 बीघा भूमि पर प्लॉटिंग का कार्य कराया जा रहा था।
प्राधिकरण ने इन सभी मामलों में संबंधित अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत वाद दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों ने बताया कि लगातार नोटिस और निर्देश जारी किए जाने के बावजूद संबंधित लोगों द्वारा निर्माण एवं विकास कार्य बंद नहीं किए गए।
इसके बाद प्राधिकरण की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माणों को सील कर दिया तथा अनधिकृत प्लॉटिंग एवं विकास कार्यों को ध्वस्त कर दिया। साथ ही मौके पर उपस्थित लोगों को बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के किसी भी प्रकार का निर्माण अथवा विकास कार्य न करने की सख्त चेतावनी दी गई।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि जनहित और नियोजित विकास को ध्यान में रखते हुए अवैध निर्माणों तथा अनधिकृत प्लॉटिंग के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।



