वर्षभर चलेंगे प्रशिक्षण कार्यक्रम
फिजिकल एवं थ्योरीटिकल पार्ट से दक्ष होंगे सीमांत के यूथ
सामुदायिक पुस्तकालय की पहल पर नवाचार जारी
अविकल उत्तराखंड
मुनस्यारी। सामुदायिक पुस्तकालय की पहल पर सोमवार से भर्ती पूर्व प्रशिक्षण कोचिंग प्रारंभ हो गया है। पहले दिन प्रतिभागियों को प्रशिक्षण के कायदे-कानून बताए गए। फिजिकल एवं थ्योरीटिकल पार्ट से सीमांत क्षेत्र के यंग मास को भर्ती के लिए दक्ष बनाया जाएगा। अब घर पर भी बार्डर क्षेत्र के युवाओं को सैन्य अकादमी जैसे अवसर मिलेंगे।
सामुदायिक पुस्तकालय की पहल पर अब वर्षभर निशुल्क भर्ती पूर्व प्रशिक्षण कोचिंग संचालित किया जाएगा।
प्रशिक्षण में फिजिकल पार्ट के लिए मां भराडी देवी फिजिकल एकेडेमी ने निशुल्क सेवा देने का निर्णय लिया है।
एकेडमी के प्रशिक्षक जीत लसपाल तथा भावेश हरकोटिया प्रशिक्षण में प्रशिक्षक की भूमिका अदा करेंगे।
आईटीबीपी तथा अन्य फोर्सेज के रिटायर्ड सैनिक एवं अफसर भी प्रशिक्षक के रूप में युवाओ को प्रशिक्षित करेंगे।
थ्योरिकल क्लास सामुदायिक पुस्तकालय में संचालित किए जाएंगे।
आईटीबीपी के रिटायर्ड निरीक्षक टीएस जेष्ठा ने प्रशिक्षण में शामिल प्रतिभागियों को बताया कि एक बार परिश्रम करने की आवश्यकता है। उसके बाद ही सफल जीवन की शुरुआत होती है।
उन्होंने कहा यहा के युवा भर्ती के योग्य है। बस उन्हे अनुशासित होकर तैयारी करने की आवश्यकता है।
सामुदायिक पुस्तकालय अवधारणा के जनक जगत सिंह मर्तोलिया ने बताया कि इस प्रशिक्षण को 12 महीने संचालित करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि आईटीबीपी के साथ भारतीय सेना तथा उत्तराखंड पुलिस की भी मदद समय-समय पर प्रशिक्षण में रोचकता लाने के लिए ली जाएगी।



