8 अगस्त को जन्मदिवस पर राष्ट्र को समर्पित होगा प्रस्ताव
जनसहयोग की अपील
अविकल उत्तराखंड
कोटद्वार। उत्तराखंड की वीरांगना तीलू रौतेली को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने की दिशा में एक नई पहल शुरू की गई है। वीर बाला तीलू रौतेली विचार मंच ने भारत सरकार से तीलू रौतेली के नाम पर डाक टिकट और विशेष डाक आवरण (स्पेशल कवर) जारी करने की मांग उठाई है। इसके लिए संस्था ने प्रदेशवासियों से आर्थिक सहयोग और जनसमर्थन की अपील की है।

संस्था की अध्यक्ष बीना रावत और सचिव महेंद्र सिंह रावत द्वारा जारी पत्र के अनुसार, आगामी 8 अगस्त 2026 को तीलू रौतेली के जन्मदिवस के अवसर पर उनके नाम का डाक टिकट और स्पेशल कवर राष्ट्र को समर्पित करने का लक्ष्य रखा गया है। संस्था का कहना है कि तीलू रौतेली उत्तराखंड की वीरता, साहस और महिला सशक्तीकरण की प्रतीक हैं तथा उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर उचित पहचान मिलनी चाहिए।
विचार मंच ने कहा कि वह बालिकाओं की शिक्षा और उत्थान के क्षेत्र में कार्यरत एक पंजीकृत संस्था है। संस्था का मानना है कि तीलू रौतेली के नाम पर डाक टिकट जारी होने से नई पीढ़ी को उनके अदम्य साहस और देशभक्ति से प्रेरणा मिलेगी।
मंच ने उत्तराखंड के नागरिकों, सामाजिक संगठनों और बालिका शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों से इस अभियान को सफल बनाने के लिए आर्थिक सहयोग देने की अपील की है। संस्था के अनुसार जनभागीदारी से यह प्रयास न केवल सफल होगा बल्कि उत्तराखंड की गौरवशाली विरासत को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान भी मिलेगी।



