सूर्यकांत धस्माना ने परिजनों को दी सांत्वना
अविकल उत्तराखण्ड
देहरादून।नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण से आहत होकर आत्महत्या करने वाली चंद्रबनी निवासी छात्रा रिया थापा के घर रविवार को उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया।
धस्माना ने रिया के पिता एवं पूर्व सैनिक राजेश मल्ल, उनकी माता, छोटी बहन और भाई से मुलाकात की। इस दौरान परिजनों ने बताया कि रिया ने इससे पहले भी नीट परीक्षा दी थी, जिसमें उसे करीब 400 अंक प्राप्त हुए थे, लेकिन एमबीबीएस में प्रवेश नहीं मिल पाया। इसके बाद उसने दोबारा कड़ी मेहनत के साथ तैयारी की और इस वर्ष फिर परीक्षा में शामिल हुई।
परिजनों के अनुसार, परीक्षा देकर लौटने के बाद रिया काफी उत्साहित थी और उसे भरोसा था कि इस बार उसका प्रदर्शन बेहतर रहा है। लेकिन पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने की खबरों ने उसे गहरे मानसिक तनाव में डाल दिया। इसी तनाव के चलते उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि रिया की मौत बेहद दुखद है और इसके लिए दोषपूर्ण परीक्षा व्यवस्था जिम्मेदार है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों विद्यार्थियों के भविष्य और मनोबल को प्रभावित किया है।
उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में जवाबदेही तय होनी चाहिए और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए पारदर्शी एवं विश्वसनीय परीक्षा प्रणाली विकसित की जानी चाहिए।
धस्माना ने केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि परीक्षा प्रबंधन में लगातार सामने आ रही खामियों की जिम्मेदारी तय होना आवश्यक है, ताकि भविष्य में किसी छात्र या छात्रा को ऐसी परिस्थितियों का सामना न करना पड़े।
Pls clik
रिया की दुखद मृत्यु पर राहुल गांधी ने जताई संवेदना



