दिल्ली एनसीआर में धूमधाम से मनाया गया आद्रा महोत्सव

कार्यक्रम में बिहार सरकार में कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चन्द्रवंशी हुए शामिल

इस अवसर पर पत्रकारिता, आईटी सेक्टर, उद्यमिता, शिक्षा, सामाजिक सेवा एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े बड़ी संख्या में प्रवासी बिहारी हुए शामिल

  • अविकल उत्तराखण्ड

नई दिल्ली। शनिवार को छू लो आसमान फाउंडेशन के तत्वावधान में दिल्ली-एनसीआर के नोएडा में प्रवासी बिहारियों द्वारा बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत करते हुए आद्रा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चन्द्रवंशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में पत्रकारिता, आईटी सेक्टर, उद्यमिता, शिक्षा, सामाजिक सेवा एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े बड़ी संख्या में प्रवासी बिहारी शामिल हुए। आद्रा नक्षत्र के अवसर पर बिहार की पारंपरिक संस्कृति के अनुरूप खीर, दाल-पूरी, आम एवं मौसमी सब्जियों का सामूहिक भोज आयोजित किया गया, जिसने उपस्थित लोगों को अपनी मिट्टी और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य किया।

इस अवसर पर प्रवासी बिहारियों ने बिहार के समग्र विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी की इच्छा व्यक्त करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में राज्य के लिए योगदान देने का संकल्प दोहराया। उन्होंने बिहार में निवेश, कौशल विकास, रोजगार, शिक्षा, संस्कृति एवं आईटी सेक्टर के विस्तार जैसे विषयों पर अपने सुझाव भी मंत्री के समक्ष रखे।

अपने संबोधन में मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चन्द्रवंशी ने कहा कि बिहार आज विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी प्रतिभा, अनुभव और विशेषज्ञता का उपयोग बिहार के सर्वांगीण विकास में करें तथा विकसित बिहार के निर्माण में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रवासी बिहारियों के अनुभव और सहयोग का स्वागत करती है तथा उनके सुझावों को महत्व देती है।

छू लो आसमान फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने कहा कि संस्था का उद्देश्य बिहार की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकजुटता और युवाओं की सकारात्मक भागीदारी को बढ़ावा देना है। आद्रा महोत्सव जैसे आयोजनों के माध्यम से प्रवासी बिहारियों को अपनी संस्कृति से जोड़ने तथा बिहार के विकास में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

आद्रा महोत्सव ने न केवल बिहार की सांस्कृतिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य किया, बल्कि दिल्ली-एनसीआर में रह रहे प्रवासी बिहारियों के बीच आपसी संवाद, सहयोग और सामाजिक एकजुटता को भी सशक्त बनाया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं संयोजन में छू लो आसमान फाउंडेशन के विवेक मिश्रा, ज्योत प्रकाश शर्मा, उज्जवल कुमार, अंबुज उपाध्याय, रजनीश गुप्ता, सूरज तिवारी, आनंद कुमार, सुमित नंदन एवं मनोज पांडेय सहित सैकड़ों स्वयंसेवकों और युवाओं की सक्रिय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *