चुनावी धार देने उत्तराखण्ड आ रहे हैं के सी वेणुगोपाल

कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल का दो दिवसीय उत्तराखंड दौरा 9 जुलाई से

देहरादून में करेंगे मैराथन बैठकें: डॉ प्रतिमा सिंह

अविकल उत्तराखण्ड

देहरादून। इस बार कांग्रेस उत्तराखण्ड के विधानसभा चुनाव को लेकर कुछ खास सजग दिख रही है। इन दिनों पर्वतीय क्षेत्रों की विधानसभाओं में परिवर्तन संकल्प सम्मेलन में जुटी कांग्रेस को चुनावी धार देने के लिए पार्टी हाईकमान जल्द ही ठोस रणनीति बनाएगी।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) एवं सांसद के.सी. वेणुगोपाल आगामी 9 और 10 जुलाई को उत्तराखंड के दो दिवसीय सांगठनिक दौरे पर रहेंगे।

इस दौरान वे राजधानी देहरादून में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के शीर्ष नेताओं, नवगठित जिला कार्यकारिणी और विभिन्न मोर्चा संगठनों के पदाधिकारियों के साथ मैराथन बैठकें कर संगठन की मजबूती की समीक्षा करेंगे।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रदेश प्रवक्ता डॉ प्रतिमा सिंह ने दौरे की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल का यह दौरा प्रदेश में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा और गति देने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।

दौरे के पहले दिन यानी 9 जुलाई को दोपहर 12 बजे वेणुगोपाल प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) के स्थानीय सदस्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) के सदस्य अनिवार्य रूप से मौजूद रहेंगे।

दो दिवसीय प्रवास के दौरान राष्ट्रीय महासचिव प्रमुख एजेंडों पर चर्चा और बैठकें करेंगे। सांगठनिक ढांचे की समीक्षा करेंगे। नवनियुक्त जिला/ब्लॉक अध्यक्षों के साथ जमीनी स्तर पर संगठन के विस्तार को लेकर भी चर्चा करेंगे।

समितियों व प्रकोष्ठों से संवाद करेंगे । कांग्रेस के सभी अनुषांगिक संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों के साथ उनकी कार्ययोजना को लेकर विशेष बैठक भी आयोजित की गई है।

राजनीतिक रणनीति पर मंथन करने के लिए प्रदेश की पोलिटिकल अफेयर्स कमेटी के साथ बैठक करेंगे। प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन की रूपरेखा भी तय की जाएगी।

वन टू वन संवाद के अलावा संगठन प्रभारियों व कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए वरिष्ठ नेताओं से व्यक्तिगत मुलाकात करेंगे।  पत्रकारों से वार्ता भी करेंगे।

प्रदेश कांग्रेस ने के.सी. वेणुगोपाल के भव्य स्वागत और बैठकों के सफल संचालन के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *