हरेला महोत्सव में बांटे गए पौधे, लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

पद्मश्री कन्हैया लाल पोखरियाल और हरक सिंह रावत ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति के संरक्षण पर दिया जोर

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। मनोरमा डोबरियाल शर्मा मेमोरियल फाउंडेशन और काफल चैप्टर ऑफ गढ़वाल के संयुक्त तत्वावधान में श्री पंचायती मंदिर, गांधी रोड, देहरादून में हरेला महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पौधों का वितरण किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण और उत्तराखंड की लोक परंपराओं को संरक्षित रखने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बल्लभ शास्त्री ने पूजा-अर्चना के साथ किया।

इस अवसर पर कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने कहा कि हरेला पर्व हमारी लोक संस्कृति और परंपराओं की पहचान है। उन्होंने कहा कि हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के लिए हरेला पर्व के महत्व को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाएं। प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम दो पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस महिला अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि हरेला हमारी संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक पर्व है। इसे मां नंदा देवी के मायके से जुड़ी लोक परंपराओं के साथ भी जोड़ा जाता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पद्मश्री कन्हैया लाल पोखरियाल ने कहा कि उत्तराखंड में बेटियों को मायके से हरियाली और खुशहाली का प्रतीक स्वरूप पौधे और हरियाली भेजने की परंपरा रही है। शिव-पार्वती की कथाओं में भी प्रकृति के प्रति सम्मान और संरक्षण का संदेश मिलता है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि हमें अपने राज्य की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखना होगा। इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

मनोरमा डोबरियाल शर्मा मेमोरियल फाउंडेशन की अध्यक्ष एवं काफल चैप्टर ऑफ गढ़वाल की संयोजक आशा मनोरमा डोबरियाल शर्मा ने सभी को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहर को सहेजना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना चाहिए।
हरियाली की पूजा-अर्चना के उपरांत झंगोरे की खीर और मंडुवे की पकौड़ी प्रसाद के रूप में वितरित की गई। कार्यक्रम का संचालन मोहन सिंह नेगी ने किया।

कार्यक्रम में प्रतिमा सिंह, विजय पाल चौहान, विनोद चौहान, पुष्पा पंवार, चंद्रकला नेगी, एसपीएस चौहान, सूरज क्षेत्री, अनुराधा तिवारी, बबिता सिंह, अनारकली, कविता, माया, शीतल, नूरजहां, रेखा, मिन्नो, कमलेश, मोनिका, सुखी, अंकिता, सौरभ रावत, सुधीर कुमार, होरी लाल सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *