. ..नीले गगन के तले, लजीज भोजन मिले
अविकल उत्तराखण्ड
देहरादून। आपराधिक घटनाएं और राजनीतिक चिल्लपों के तनाव भरे माहौल के बीच के सुकून से लबरेज एक बेहतरीन पहल। दून जिला प्रशासन ने मानवीय संवेदनाओं का एक शानदार उदाहरण पेश किया।
जिलाधिकारी सविन बंसल की पहल के बाद राजकीय महिला कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र (नारी निकेतन) की संवासिनियों के लिए विशेष पिकनिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस पहल के तहत संवासिनियों को क्रॉस रोड मॉल ले जाया गया, जहां उन्हें बहुप्रतीक्षित फिल्म “बॉर्डर-2” दिखाई गई।
इसके बाद स्थानीय होटल में स्नेहपूर्ण वातावरण में लंच की व्यवस्था की गई। इस दौरान संवासिनियों के चेहरों पर खुशी, आत्मविश्वास और अपनत्व का भाव स्पष्ट रूप से नजर आया।

कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, नारी निकेतन की अधीक्षिका सोनल राणा सहित केंद्र का अन्य स्टाफ उपस्थित रहा। सभी ने मिलकर आयोजन को सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिलाधिकारी के नेतृत्व में नारी निकेतन की संवासिनियों के मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि महिलाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना, आत्मसम्मान की भावना विकसित करना और सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करना है।
जिलाधिकारी का मानना है कि संरक्षण गृहों में रह रही महिलाओं को यदि सम्मान, स्नेह और सामान्य सामाजिक वातावरण मिले तो उनका पुनर्वास अधिक प्रभावी और सार्थक हो सकता है। जिला प्रशासन इसी सोच के साथ आगे भी ऐसे संवेदनशील और प्रेरणादायी प्रयास करता रहेगा।


Pls clik
पति की मौत…तीन बच्चे.. कर्जा और फिर हैप्पी एंडिंग

