..तो मामा मदन अब चढ़ेंगे पहाड़

संत समाज ने कौशिक को उत्त्तराखण्ड का मामा करार दिया


…  मदन कौशिक के पहाड़ पर इम्तहान का काउंटडाउन शुरू

22 मार्च से 24 मार्च तक पहाड़ी जिले चंपावत, बागेश्वर व पिथौरागढ़ का दौरा

अध्यक्ष पद छिनने से कुमायूँ में नाराजगी के स्वर

अविकल उत्त्तराखण्ड

देहरादून। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदलन कौशिक 22 मार्च से पहाड़ चढ़ेंगे। 2021 में बदली भाजपा में मदन कौशिक को संगठन की कमान सौंपी गई है। अभी तक यह जिम्मेदारी कुमायूँ के बंशीधर भगत निभा रहे थे।

Uttarakhand bjp president madan kaushik

हालांकि, 2014 से अब तक हुए चुनावों में उत्त्तराखण्ड का मतदाता नरेंद्र मोदी के नाम पर भाजपा के पक्ष में मतदान कर रहा है। लेकिन ठीक चुनावी साल में केंद्रीय नेतृत्व ने उत्त्तराखण्ड में सरकार और संगठन में भारी फेरबदल कर एक नया प्रयोग किया है।

यूँ तो मदन कौशिक हरिद्वार से लगातार चुनाव जीत रहे हैं। लेकिन संगठन अध्यक्ष बनने के बाद समूचे पर्वतीय जिलों में पहाड़ी मतदाता को समझाना एक बडी चुनौती होगी। हालांकि, हरिद्वार में हुए स्वागत में संत समाज ने कौशिक को उत्त्तराखण्ड का मामा करार दिया।

ये बात इसलिए भी पुख्ता तौर ओर सामने आ रही है कि मदन कौशिक के अध्यक्ष बनते ही एक पुरानी ऑडियो क्लिप वायरल कर दी गयी। इस ऑडियो में पहाड़ विरोधी बातें कही गयी थी। इस क्लिप के पीछे विपक्ष कम लेकिन कौशिक के पार्टी के अंदर धुर का हाथ ज्यादा बताया जा रहा है।

हालांकि, नये अध्यक्ष मदन कौशिक कई मामलों में तेजी दिखाते हैं लेकिन पर्वतीय जिलों में सोमवार से शुरू होने वाले उनके पहले दौरे में स्थानीय पब्लिक के मूड को तौलना और भांपना भी एक बड़ी बात होगी।

राज्य गठन के समय नित्यानंद स्वामी के पहले सीएम बनने के बाद भाजपा के ही अंदर सूनामी आ गयी थी। और धीमे धीमे पूरे पहाड़ी प्रदेश में स्वामी को सीएम बनाये जाने से विरोध की आग सुलगने लगी। पहाड़ बनाम मैदान की यह राजनीतिक लड़ाई अभी भी लड़ी जा रही है।

वैसे तो कौशिक के अध्यक्ष बनने के बाद भाजपा के अंदर मुखर विरोध की कोई बड़ी कहानी सामने नहीं आयी। लेकिन नये बदलाव से कुमायूँ के राजनीतिक व सामाजिक परिवेश में एक नई सोच ने जन्म ले लिया है। लोगों का मानना है कि संगठन अध्यक्ष पद कुमायूँ के पास था वो भी गढ़वाल को दे दिया गया।

सीएम, विधानसभाध्यक्ष व संगठन अध्य्क्ष जैसे महत्वपूर्ण कुर्सियों पर गढ़वाल का कब्जा है। इनमें भी दो पदों पर मैदान मूल के नेताओं की ताजपोशी की गई है। कुमायूँ के अंदर पनप रही यह सोच भाजपा की राजनीतिक सेहत के लिए के लिए हानिकारक बतायी जा रही है। इसके अलावा कौशिक का विरोधी गुट पर्दे के पीछे से

अध्यक्ष पद से हटने से पूर्व बंशीधर भगत प्रदेश की 70 विधानसभाओं के दौरे पर थे। अब नए अध्यक्ष कौशिक मैदान से पहाड़ की ओर चढ़ेंगे। 22 मार्च से 24 मार्च तक कौशिक चंपावत, बागेश्वर व पिथौरागढ़ में कड़े टेस्ट से गुजरेंगे। कड़ा टेस्ट इसलिए भी माना जा रहा है बतौर मंत्री कौशिक का पर्वतीय इलाके में भ्रमण भी बहुत कम ही देखा गया।  गैरसैंण विधानसभा सत्र  की बात छोड़ भी दें।

21 साल पहले स्वामी के मुद्दे पर आगबबूला हुए पर्वतीय इलाके के भाजपा कार्यकर्ता, आम और खास जन वाकपटु कौशिक से कितना प्रभावित होते है। अगले 100 घण्टे में पार्टी के रणनीतिकार व विश्लेषक थर्मामीटर लगा भाजपा के नये प्रयोग से उपजे राजनीतिक तापमान को माप लेंगे। यह भी साफ हो जाएगा कि चुनावी साल में अध्यक्ष बदलने के बाद पहाड़ और मैदान में भाजपा कितने लाभ-हानि की स्थिति में है। इम्तहान का काउंटडाउन शुरू होता है अब….टिक..टिक…टिक

———-

भाजपा अध्यक्ष कौशिक का पहाड़ का कार्यक्रम

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष  मदन कौशिक 22 मार्च से 24 मार्च तक बागेश्वर , पिथौरागढ़, चंपावत जिलों में प्रवास कर कार्यकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। कार्यक्रम के अनुसार 22 मार्च को श्री कौशिक 11 बजे बागेश्वर पहुचेंगे । इसमें 11से 12 बजे युवा मोर्चा व महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत कार्यक्रम तत्पश्चात प्रदेश अध्यक्ष 12 से 1 बजे कार्यकर्ता बैठक में शामिल होंगे। बैठक के बाद 1 से 2 बजे  पत्रकारों से वार्ता करेंगे। रात्रि विश्राम चौकोड़ी में रखा गया है। अगले दिन 23 मार्च को चौकोड़ी से पिथौरागढ़ के लिए प्रस्थान कर 11 बजे पिथौरागढ़ पहुचेंगे । इसमें 11से 12 बजे युवा मोर्चा व महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत कार्यक्रम तत्पश्चात प्रदेश अध्यक्ष 12 से 1 बजे कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। इसके बाद 1 से 2 बजे  पत्रकारों से वार्ता करेंगे।  कौशिक का रात्रि विश्राम पिथौरागढ़ में ही रहेगा। 24 मार्च पिथौरागढ़ से प्रातः 8 बजे चंपावत के लोहाघाट के लिए प्रस्थान कर 11 बजे  पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा लोहाघाट में आयोजित स्वागत किया जाएगा। 12 से 1 बजे चंपावत जिले के कार्यकर्ताओं की बैठक लेने के पश्चात पत्रकारों से संवाद करेंगे।

      प्रवास कार्यक्रम के दौरान आयोजित होने वाली बैठकों में संबंधित जिले में रहने वाले प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य, जिले के पदाधिकारी, जिले में रहने वाले मोर्चों के प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चों के जिलाध्यक्ष जिला महामंन्त्री व विभागों  व प्रकोष्ठों के सम्बंधित जिले में निवास करने वाले प्रदेश सयोंजक, सह सयोंजक उस जिले के संयोजको सहित मंडल अध्यक्ष व मंडल महामंत्रियों को बैठक में बुलाया गया है। इसके अलावा बैठक में निर्वाचित व नामित जन प्रतिनिधियों में जिले में रहने वाले विधायक, पूर्व विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, मेयर, नगर पंचायत व नगर पालिका अध्यक्ष व क्षेत्र पंचायतों के प्रमुख ज्येष्ठ एवं कनिष्क प्रमुखों सहित जिलापंचायत के सदस्यों व जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष व विभिन्न समितियों में नामित जिला व प्रदेश स्तरीय समिति अध्यक्षों को भी बैठक में बुलाया गया है।

   भाजपा मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के प्रवास कार्यक्रमो से पूर्व तैयारी बैठक के लिए प्रदेश पदाधिकारियों को समन्वयक बनाया गया है । इसमें बागेश्वर जिले के लिए प्रदेश मंत्री आशीष गुप्ता पिथौरागढ़ के लिए प्रदेश उपाध्यक्ष  कैलाश शर्मा व प्रदेश मंत्री श्रीमती किरण देवी को एवं चंपावत जिले के लिए भाजपा प्रदेश मंत्री  राजेन्द्र बिष्ट को समन्वयक बनाया गया है। सभी समन्वयकों को प्रदेश अध्यक्ष के प्रवास से पूर्व सम्बंधित जिले में प्रवास कर जिलाध्यक्षों के साथ समन्वय कर तैयारी बैठक करने के लिए कहा गया है।
       

Total Hits/users- 30,52,000

TOTAL PAGEVIEWS- 79,15,245

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *