चार दिन में 74 सिलेंडर जब्त
गैरसैंण में आलाधिकारियों ने कहा,जमाखोरी और अवैध रिफिलिंग पर होगी कार्रवाई
अविकल उत्तराखंड
गैरसैंण। वर्तमान वैश्विक परिदृश्य के बाद उत्पन्न परिस्थितियों के दृष्टिगत एलपीजी एवं ईंधन आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा के संबंध में शुक्रवार को भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन से प्रमुख सचिव, खाद्य, उत्तराखण्ड द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी जनपदों के जिलाधिकारियों, जिला पूर्ति अधिकारियों तथा तीनों ऑयल कंपनियों—आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल—के राज्य स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई।
बैठक में आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के अधिकारियों ने बताया कि राज्य में घरेलू गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। ऑयल कंपनियों के अधिकारी सभी जनपदों के जिला पूर्ति अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं। अधिकारियों ने अवगत कराया कि वर्तमान परिस्थितियों तथा सोशल मीडिया में प्रसारित भ्रामक सूचनाओं के कारण लोगों द्वारा पैनिक बुकिंग की जा रही है। केवल आईओसीएल कंपनी में ही पिछले तीन–चार दिनों के दौरान लगभग एक लाख गैस सिलेंडरों की बुकिंग की गई है। जबकि वास्तविक स्थिति यह है कि कंपनियों के पास घरेलू गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

सभी जिलाधिकारियों ने भी अपने-अपने जनपदों में पर्याप्त स्टॉक होने की जानकारी दी। साथ ही बताया कि जमाखोरी, कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग को रोकने के लिए सभी जनपदों में प्रवर्तन की कार्रवाई की जा रही है।
राज्य में पिछले चार दिनों के दौरान जमाखोरी, कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग पर अंकुश लगाने के लिए 460 निरीक्षण किए गए तथा 78 स्थानों पर छापेमारी की कार्रवाई की गई। आवश्यक वस्तु अधिनियम के अंतर्गत चार एफआईआर दर्ज की गईं और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त 74 गैस सिलेंडर, एक कांटा और दो रिफिलिंग किट भी जब्त किए गए हैं। प्रवर्तन की कार्रवाई लगातार जारी है।
प्रमुख सचिव, खाद्य ने सभी संबंधित अधिकारियों को गैस आपूर्ति की स्थिति की निरंतर समीक्षा करने तथा जमाखोरी, कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सचिव, खाद्य आनंद स्वरूप, अपर आयुक्त खाद्य पी.एस. पांगती तथा वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अपर सचिव एवं नियंत्रक, विधिक माप श्रीमती रूचि मोहन रयाल, सभी जिलाधिकारी, उत्तराखण्ड, सभी जिला पूर्ति अधिकारी तथा आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के अधिकारी उपस्थित रहे।

