अनिश्चितकालीन हड़ताल का नोटिस देंगे
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद अब समन्वय समिति के साथ संयुक्त रूप से चलाएगा आंदोलन
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तराखंड के चरणबद्ध आंदोलन के दो चरण सफलतापूर्वक पूर्ण होने के बाद परिषद की ऑनलाइन आपातकालीन समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंदोलन की आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा करते हुए सर्वसम्मति से समन्वय समिति के साथ संयुक्त रूप से आंदोलन संचालित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अरुण पांडे ने आंदोलन के प्रथम और द्वितीय चरण में प्रदेश के सभी 13 जनपदों, स्वतंत्र शाखाओं और घटक संगठनों की सक्रिय भागीदारी के लिए पदाधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई एवं धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की एकजुटता ने आंदोलन को पूरे प्रदेश में मजबूत आधार प्रदान किया है।
बैठक में बताया गया कि राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तराखंड, अधिकारी-कर्मचारी-शिक्षक समन्वय समिति का संस्थापक सदस्य और प्रमुख घटक संगठन है। समन्वय समिति द्वारा चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा करते हुए सभी घटक संगठनों की मांगों को शामिल कर संयुक्त मांग पत्र तैयार किया गया है।

समन्वय समिति के घोषित कार्यक्रम के अनुसार 5 मार्च से 13 मार्च तक गेट मीटिंग, 16 मार्च से 24 मार्च तक मंत्रियों और विधायकों को ज्ञापन, 25 मार्च को जनपद मुख्यालयों में एक दिवसीय धरना तथा 7 अप्रैल को देहरादून स्थित परेड ग्राउंड से सचिवालय तक विशाल रैली आयोजित की जाएगी। इस दौरान अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा का नोटिस भी दिया जाएगा।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि समन्वय समिति के मांग पत्र में परिषद की प्रमुख मांगें, जैसे 10, 16 और 26 वर्ष की सेवा पर एसीपी, गोल्डन कार्ड में सुधार, वाहन भत्ता तथा निगम, निकाय और वर्दीधारी कर्मचारियों से संबंधित मांगें शामिल की गई हैं। परिषद के प्रतिनिधिमंडल की बैठक प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री सुधांशु पंत और वित्त सचिव के साथ प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री के साथ भी बैठक प्रस्तावित है, जिसमें परिषद अपनी मांगों के समर्थन में पक्ष रखेगा।
इन सभी बिंदुओं पर विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि परिषद अपने आगामी कार्यक्रम समन्वय समिति के साथ समन्वय स्थापित करते हुए संयुक्त रूप से संचालित करेगा, ताकि आंदोलन को और अधिक व्यापक और प्रभावी बनाया जा सके।
बैठक का संचालन प्रांतीय महामंत्री शक्ति प्रसाद भट्ट ने किया। बैठक में गिरजेश कांडपाल, रमेश कांसवाल, जगमोहन सिंह नेगी, भगवान सिंह राणा, अमरीश कुमार, रविंद्र सिंह चौहान, हर्षमोहन सिंह नेगी, असलम अली, राजेंद्र सिंह, प्रदीप भट्ट, उमाकांत पांडे, अशोक फर्त्याल, नारायण सिंह, सतपाल सैनी, मुकेश रावत, ज्योति प्रकाश, तनुज गोस्वामी, संतोषी नेगी, ममता पाटिल, मुकेश नेगी, हर्ष डी. जोशी, सुरेश डबराल, रेखा भंडारी, सावित्री देवी, शुभम आर्य, पान सिंह राणा, संजय चौहान, धीरज गुप्ता और राजेंद्र प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

