“वसूली अभियान मोर्चा” फेसबुक पेज पर कुप्रचार का आरोप

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी से की शिकायत

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। कांग्रेस नेताओं की राजनीतिक एवं सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने की नीयत से सोशल मीडिया पर की जा रही कथित पोस्टों को लेकर कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि “वसूली अभियान मोर्चा” नामक फेसबुक अकाउंट से कांग्रेस नेताओं के विरुद्ध लगातार कूट रचित और भ्रामक पोस्टें प्रसारित की जा रही हैं। इस संबंध में पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने 28 दिसंबर 2025 को लिखित शिकायत देकर प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने तथा संबंधित असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी, किंतु अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि 28 फरवरी 2026 को उक्त फेसबुक पेज पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा के खिलाफ एक वीडियो पोस्ट की गई, जिसका उद्देश्य उनकी राजनीतिक और सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाना है। नेताओं का कहना है कि पूर्व शिकायत पर कार्रवाई न होने से सोशल मीडिया संचालकों के हौसले बढ़े हैं और इससे प्रशासन की निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न लग रहा है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि जहां एक ओर आम नागरिकों के विरुद्ध शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाती है, वहीं विपक्षी दल के नेताओं की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। कांग्रेस प्रतिनिधियों ने इसे पुलिस प्रशासन का दोहरा मापदंड बताते हुए कहा कि लोकतंत्र में कानून सभी के लिए समान होना चाहिए। उन्होंने मांग की कि विपक्षी नेताओं द्वारा की गई शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जनता का कानून और पुलिस व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने “वसूली अभियान मोर्चा” संचालित करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आईटी एक्ट की प्रासंगिक धाराओं में तत्काल मुकदमा दर्ज करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
प्रतिनिधिमंडल में डॉ. प्रतिमा सिंह, सुजाता पॉल, अमरजीत सिंह, पंकज क्षेत्री, आशीष नौटियाल, प्रशांत खंडूरी और मनीष गौनियाल सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *