भाजपा पहले ट्रंप के दावों पर जवाब दे, फिर तिरंगा यात्रा निकाले- कांग्रेस

सेना और शहीदों का राजनीतिक इस्तेमाल भाजपा की पुरानी आदत: धस्माना

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। ऑपरेशन सिंदूर के नाम पर भाजपा द्वारा तिरंगा यात्रा निकाले जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन एवं प्रशासन) सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा सेना के मनोबल को बढ़ाने और उसके प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए तिरंगा यात्रा निकाली है। जब देश की सेना सीमा पर दुश्मनों से मोर्चा ले रही थी, तब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देहरादून समेत पूरे देश में ‘तिरंगा जय हिंद यात्रा’ निकाल कर राष्ट्रीय कर्तव्य निभाया।

धस्माना ने कहा कि भाजपा अब ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को भुनाने के लिए वोट के मकसद से तिरंगा यात्रा निकाल रही है, जिसे लेकर कांग्रेस को कोई ऐतराज नहीं है। लेकिन भाजपा और प्रधानमंत्री को सबसे पहले देश की जनता के उस सवाल का जवाब देना होगा जो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावों के बाद खड़ा हुआ है—क्या भारत की सुरक्षा, आत्मरक्षा और संप्रभुता का फैसला अब अमेरिका करेगा?

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में धस्माना ने कहा कि ट्रंप ने पहले भारत-पाक युद्धविराम की घोषणा की, फिर कश्मीर मुद्दे पर मध्यस्थता की बात कही, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन से कुछ घंटे पहले खुद को इस युद्धविराम का सूत्रधार बताया। उन्होंने दावा किया कि भारत को धमकाकर उन्होंने यह युद्धविराम करवाया। इन बयानों पर अब तक प्रधानमंत्री या भाजपा की ओर से कोई सफाई नहीं आई है।

धस्माना ने सवाल उठाया कि देश की रक्षा, विदेश नीति और संप्रभु निर्णयों का संचालन भारत सरकार कर रही है या अमेरिका का राष्ट्रपति? उन्होंने कहा कि यह मामला राष्ट्रीय अस्मिता और सुरक्षा से जुड़ा है और इसका उत्तर देश की जनता को चाहिए।

उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह हमेशा से सेना और शहीदों को चुनावी लाभ के लिए इस्तेमाल करती रही है। लेकिन इस बार जिस प्रकार से सीजफायर की घोषणा हुई और कश्मीर मुद्दा अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहुंचा, वह न केवल हैरान करने वाला है बल्कि अविश्वसनीय भी है।

अगर इस सब में प्रधानमंत्री की सहमति शामिल थी, तो उन्हें स्वयं सामने आकर स्पष्टीकरण देना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *