गैरसैंण सत्र में विपक्ष की अनदेखी पर जताया आक्रोश
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार की उत्तराखण्ड विरोधी नीतियों के खिलाफ जिला मुख्यालयों पर पुतला दहन किया। इसी क्रम में देहरादून मुख्यालय पर प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ऐस्लेहॉल चौक पर भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत और प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकान्त धस्माना भी मौजूद रहे।

महिला कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित राजधानी गैरसैंण में चल रहे वर्षाकालीन सत्र के दौरान धामी सरकार विपक्ष की पूरी तरह अनदेखी कर रही है और विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे जनहित के मुद्दों पर चर्चा से बच रही है। महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि भाजपा सरकार ने राज्य निर्माण आन्दोलन की भावना की उपेक्षा की है। उन्होंने कहा कि गैरसैंण सत्र में विपक्ष की आवाज दबाना भाजपा की नीयत और नीतियों को उजागर करता है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा की कार्यप्रणाली से न केवल राज्य निर्माण की भावनाएं आहत हुई हैं, बल्कि शहीदों और आन्दोलनकारियों का भी अपमान हुआ है। उन्होंने याद दिलाया कि गैरसैंण को राज्य आन्दोलन की आत्मा माना जाता है और कांग्रेस सरकार ने जनभावना का सम्मान करते हुए वहां विधानसभा सत्र की शुरुआत की थी। भाजपा सरकार द्वारा विपक्ष की अनदेखी स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपरा के विपरीत है।
कार्यक्रम में प्रदेश महिला उपाध्यक्ष आशा डोबरियाल शर्मा, नजाम खान, चन्द्रकला नेगी, महासचिव पुष्पा पंवार, सुशीला शर्मा, अनुराधा तिवाड़ी, कोमल बोहरा, संगीता गुप्ता, दीपा चौहान, भावना, विमला, अनीता दास, रेखा ढींगरा, आकांक्षा, मंजीत और लीला रावत सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल रहीं।

