विवादित टिप्पणी के बाद कार्यक्रमों की निगरानी और नियम कड़े करने के सुझाव
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। डीएवी पीजी कॉलेज में छात्र संघ सप्ताह समारोह में हरियाणा के गायक मासूम शर्मा द्वारा की गई कथित अभद्र टिप्पणी के मामले के बाद पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष ओम प्रकाश सती ने महाविद्यालय के प्राचार्य को पत्र भेजकर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कई सुझाव दिए हैं।
पत्र में कहा गया है कि छात्र संघ सप्ताह जैसे आयोजन छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति के उद्देश्य से किए जाते हैं, इसलिए ऐसे कार्यक्रमों को गरिमापूर्ण और सुव्यवस्थित बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने 11 अप्रैल को हुई घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए सुझाव दिया कि महाविद्यालय प्रशासन की ओर से छात्र-छात्राओं और शिक्षकों से औपचारिक क्षमा याचना की जाए। साथ ही छात्र संघ सप्ताह समारोह से पहले छात्र कल्याण निदेशक, मुख्य नियंता और छात्र संघ पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित कर कार्यक्रम की रूपरेखा, सुरक्षा व्यवस्था और नियमों को स्पष्ट करने की बात कही गई है। पत्र में प्रत्येक दिन के कार्यक्रम के संचालन और निगरानी के लिए एक कार्यक्रम अधिकारी नियुक्त करने का भी सुझाव दिया गया है, जो विभागाध्यक्ष स्तर का वरिष्ठ शिक्षक हो।
इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश को नियंत्रित करने की मांग की गई है। केवल वैध पहचान पत्र या पूर्व निर्धारित प्रवेश पास के आधार पर ही प्रवेश की अनुमति देने की बात कही गई है, ताकि अवांछित तत्वों का प्रवेश रोका जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों का स्वरूप छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक और सांस्कृतिक विकास से जुड़ा होना चाहिए और उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि महाविद्यालय प्रशासन इन सुझावों पर विचार कर आवश्यक कदम उठाएगा, जिससे भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और छात्र संघ सप्ताह समारोह गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित हो सके।

