हल्द्वानी में डबल मर्डर से सनसनी

हल्द्वानी में युवक-युवती के सिर पत्थरों से कुचले

24 घंटे में दूसरा जघन्य हत्याकांड

देहरादून के अर्जुन हत्याकांड के बाद कुमाऊं में वारदात, गल्ला मंडी क्षेत्र में तड़के मिले शव; पुलिस ने गठित कीं टीमें, सीसीटीवी खंगाले जा रहे

अविकल उत्तराखंड

हल्द्वानी। प्रदेश में हत्याओं के दौर जारी है। बुधवार की सुबह 10 बजे देहरादून में अर्जुन हत्याकांड के 24 घंटे के भीतर हल्द्वानी में युवक और युवती की निर्मम हत्या ने पूरे प्रदेश को दहला दिया है। गुरुवार तड़के शहर के गल्ला मंडी इलाके में गोदामों के पास दोनों के शव खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। सिर और चेहरा भारी पत्थरों से कुचला गया था। घटनास्थल पर खून सने पत्थर बरामद हुए हैं।

सुबह करीब 7:30 बजे डायल 112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान 31 वर्षीय शुभम टम्टा (निवासी तल्ला खोलटा, लोहर माल रोड, अल्मोड़ा) और 19 वर्षीय लक्ष्मी (निवासी तल्ली पोखरी, नैनीताल) के रूप में की जा रही है।
हालांकि, दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस को घटनास्थल से युवक के पास चंपावत और अल्मोड़ा पते वाले आधार कार्ड मिले हैं। इसके अलावा निरोध, लाइटर और पर्स भी बरामद हुआ है। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटा लिए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि हत्या के कारणों की गहन जांच की जा रही है। वहीं एसएसपी मंजुनाथ टीसी ने मौके का निरीक्षण कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दोनों हल्द्वानी कब और किस उद्देश्य से आए थे।

वर्षों बाद हल्द्वानी में हुए इस डबल मर्डर ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग सख्त कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।

प्रेम प्रसंग, पहचान या साजिश? जांच के केंद्र में तीन एंगल

हल्द्वानी डबल मर्डर की जांच फिलहाल तीन प्रमुख बिंदुओं पर केंद्रित है—

आपसी संबंधों की पड़ताल

घटनास्थल से मिले निरोध और निजी सामान के आधार पर पुलिस दोनों के संबंधों की प्रकृति खंगाल रही है। क्या यह प्रेम प्रसंग का मामला था या किसी विवाद का परिणाम?

पहचान छिपाने की कोशिश?

सिर और चेहरे को बुरी तरह कुचलना अक्सर पहचान मिटाने की कोशिश माना जाता है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी मृतकों को जानते थे।

बाहरी या स्थानीय कनेक्शन-

युवक के पास अलग-अलग जिलों के पते वाले दस्तावेज मिले हैं। इससे यह भी जांच का विषय है कि क्या दोनों किसी काम से शहर आए थे या किसी से मिलने।

सूत्रों के अनुसार मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन ट्रैकिंग और सीसीटीवी फुटेज जांच की दिशा तय करेंगे। पुलिस परिवारजनों और परिचितों से भी पूछताछ कर रही है।

हल्द्वानी डबल मर्डर: अब तक क्या-क्या?

  • गुरुवार तड़के गल्ला मंडी क्षेत्र में मिले शव
  • सिर और चेहरा पत्थरों से कुचला
  • सुबह 7:30 बजे डायल 112 पर सूचना
  • फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
  • सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही
  • एसएसपी ने जांच के लिए विशेष टीमें गठित कीं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *