नशा मुक्त व संस्कारयुक्त विवाह बने समाज के लिए प्रेरणा

अविकल उत्तराखंड

टिहरी गढ़वाल। टिहरी जनपद में आयोजित तीन विवाह समारोहों में नशा मुक्त व संस्कारयुक्त आयोजन कर समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया गया। इन आयोजनों में परिवारों द्वारा कॉकटेल पार्टी व शराब से दूरी बनाते हुए भारतीय परंपराओं के अनुरूप विवाह सम्पन्न कर “शराब नहीं – संस्कार” का संदेश दिया गया।

ग्राम बड़ा स्यूटा, पट्टी मनियार (टिहरी गढ़वाल) निवासी किशनी देवी एवं अरविन्द सिंह पुंडीर की सुपुत्री आकृति के विवाह में परिवार ने कॉकटेल पार्टी का आयोजन नहीं करने का सराहनीय निर्णय लिया। वहीं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े राकेश प्रसाद बड़ोनी के पुत्र केशव का विवाह भी पूर्णतः नशा मुक्त वातावरण में सम्पन्न हुआ।

इसी क्रम में कंडा खोली निवासी सीरा देवी एवं रामचंद्र बैलवाल की पुत्री पूजा के विवाह समारोह में भी नशा मुक्त आयोजन किया गया। इस अवसर पर “शराब नहीं – संस्कार” मुहिम के अंतर्गत सामाजिक कार्यकर्ता सुशील बहुगुणा द्वारा दूल्हा–दुल्हन को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

खर्क निवासी राकेश प्रसाद बड़ोनी व बिमला देवी तथा दुल्हन के माता-पिता रेखा देवी व चन्द्रमोहन उनियाल ने इस पहल का समर्थन करते हुए कहा कि विवाह जैसे पवित्र संस्कार को नशा मुक्त बनाना समय की आवश्यकता है।

ग्राम प्रधान स्यूटा जसपाल नेगी ने कहा कि उनके गांव में होने वाले समारोहों को भी नशा मुक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा। वहीं कंडा खोली के महिला मंगल दल से जुड़ी बहनों—सुशीला देवी, सावित्री, संतोषी, निर्मला और वीणा—ने भी कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।

सामाजिक कार्यकर्ता सुशील बहुगुणा ने कहा कि विवाह जैसे पवित्र अवसरों पर शराब परोसने की बढ़ती प्रवृत्ति समाज में कई नकारात्मक प्रभाव छोड़ती है। यदि परिवार इस प्रकार के निर्णय लें तो युवाओं में नशे की प्रवृत्ति को रोकने में बड़ी मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि टिहरी क्षेत्र में नशा मुक्त गांव बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा।
स्थानीय लोगों ने भी इन तीनों विवाह समारोहों—केशव, आकृति और पूजा—को नशा मुक्त व संस्कारयुक्त रूप में सम्पन्न कराने की पहल की सराहना की और इसे समाज के लिए सकारात्मक संदेश बताया। उनका कहना है कि ऐसे संस्कारपूर्ण आयोजन आने वाली पीढ़ियों को सही दिशा देने का कार्य करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *