अविकल उत्तराखंड
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) बिमला गुंज्याल के पिथौरागढ़ जिले की सीमांत गुंजी ग्राम पंचायत और पूर्व कर्नल यशपाल सिंह नेगी के पौड़ी जिले की बिरगण ग्राम पंचायत के निर्विरोध ग्राम प्रधान चुने जाने पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने इसे रिवर्स पलायन का प्रेरक और सुखद उदाहरण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों का ग्राम प्रधान चुना जाना पंचायती राज व्यवस्था को मजबूती देगा और उनके अनुभव से ग्रामीण विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने आशा जताई कि गुंजी और बिरगण दोनों ग्राम पंचायतें मॉडल ग्राम के रूप में विकसित होंगी।
रिटायरमेंट के बाद भी गांव की सेवा का जज्बा सराहनीय- मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे उदाहरण दिखाते हैं कि सेवानिवृत्ति के बाद भी व्यक्ति अपने अनुभव और सेवा भावना से गांव की प्रगति में अहम भूमिका निभा सकता है। राज्य सरकार ऐसे सभी प्रयासों को हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण आजीविका, कृषि, बागवानी और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए सतत प्रयासरत है, ताकि गांव आत्मनिर्भर बनें और रिवर्स पलायन की परंपरा और सशक्त हो सके।

