पुणे टूर्नामेंट में कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया
अविकल उत्तराखंड
पुणे/हल्द्वानी- हल्द्वानी के होनहार बैडमिंटन खिलाड़ी हर्षवर्धन कोठारी ने पुणे में आयोजित Yonex-Sunrise V.V. Natu Memorial All India Senior Ranking Badminton Tournament 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। देश के सभी राज्यों से आए शीर्ष खिलाड़ियों के बीच यह उपलब्धि बेहद उल्लेखनीय रही।
सिर्फ 13 की उम्र में की थी शुरुआत
हर्षवर्धन ने 2016 में महज 13 वर्ष की उम्र में बैडमिंटन में कदम रखा था। उनके इस सफर में उनके पिता की भूमिका बेहद अहम रही, जो उनके सबसे बड़े प्रेरक थे। वर्ष 2021 में पिता के असमय निधन के बावजूद हर्षवर्धन और उनके परिवार ने हार नहीं मानी, बल्कि और मजबूत इरादों के साथ आगे बढ़े।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता
वर्ष 2024 में हर्षवर्धन ने कर्नाटक की ओर से राष्ट्रीय चैंपियनशिप में हिस्सा लिया और दुनिया भर के 10 अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट्स में भारत का प्रतिनिधित्व किया। वर्तमान में वह राज्य रैंकिंग में नंबर 2, ऑल इंडिया रैंकिंग में नंबर 10 और इंटरनेशनल रैंकिंग में 200वें स्थान पर हैं। उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय रैंक 145 रहा है।
बेंगलुरु में ले रहे उच्च स्तरीय प्रशिक्षण
इस समय हर्षवर्धन बेंगलुरु की Yadav Pro Badminton Academy में प्रशिक्षण ले रहे हैं। उनकी सफलता इस बात का उदाहरण है कि कठिन मेहनत, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता किसी भी सपने को हकीकत में बदल सकती है।

