देखें वीडियो, अंग्रेज जल्दी चले गए और पौड़ी छूट गया
धामी कैबिनेट विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा बयान को
अविकल थपलियाल
देहरादून। अंग्रेज थोड़ा और रुकते तो मसूरी की तर्ज पर पौड़ी का भी विकास हो जाता। आजादी जल्दी मिल गयी। अंग्रेज चले गए और पौड़ी छूट गया। नहीं तो मसूरी की तर्ज पर पौड़ी का भी विकास हो जाता।
यह दर्द बयां किया है, पौड़ी विधानसभा से भाजपा विधायक राजकुमार पोरी ने।
उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वे कहते नजर आ रहे हैं कि मसूरी के बाद पौड़ी ही हिल स्टेशन का नाम आता है। सुंदर जगह है पौड़ी।
वे कहते हैं कि यह हमारा रोना भी है। और दुखड़ा भी। पौड़ी खूबसूरत पर्यटक स्थल है। लेकिन विकास नहीं हुआ। 29 सेकंड के वीडियो में कहते हैं कि अंग्रेज दो चार साल और रुक जाते तो पौड़ी का भी विकास हो जाता।
यह वीडियो ऐसे समय पर वॉयरल हुआ जब धामी कैबिनेट के विस्तार की चर्चाएं जोरों पर है। नवरात्र में सीएम धामी को रिक्त सीटों पर नए मंत्रियों की ताजपोशी करनी है।
भाजपा विधायक राजकुमार पोरी के उपेक्षा सम्बन्धी इस दुखड़े के बाद भाजपा में मंत्री पद की दौड़ को नए पंख लगेंगे।
यूपी व उत्तराखंड में पौड़ी जिले से कई सीएम व मंत्री रहे हैं। लेकिन अधिकारियों के पौड़ी रुकने को लेकर भी लगातार संशय बना रहता है।
हाल ही में, भाजपा सांसद महेंद्र भट्ट का पौड़ी में भारी विरोध हुआ। हालांकि, विरोध के पीछे भट्ट की टिप्पणी को मुख्य कारक माना गया।
इससे पूर्व, कुछ समय पूर्व एक बस दुर्घटना के बाद इलाज नहीं मिलने पर पौड़ी की जनता ने स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह का विरोध कर बाजार बंद कराया था।
और अब भाजपा विधायक के वीडियो ने प्रस्तावित कैबिनेट विस्तार को लेकर पौड़ी को लेकर सरगर्मी पैदा कर दी है।
हालांकि, पौड़ी जिले से सतपाल महाराज, धन सिंह व ऋतु खण्डूड़ी भाजपा सरकार में प्रमुख ओहदे पर हैं। लेकिन दुखड़ा कम होने का नाम ही नहीं ले रहा..
(हालांकि, अविकल उत्तराखंड इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता)

