जमरानी व सौंग बांध परियोजनाओं को पूरा करने के निर्देश

पेयजल, सिंचाई और पर्यटन की दृष्टि से अहम परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में हुई उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि जमरानी बहुद्देशीय बांध परियोजना और सौंग पेयजल परियोजना के कार्यों में और तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि दोनों योजनाओं के कार्य चरणबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं ताकि जनता को शीघ्र लाभ मिल सके।

जमरानी परियोजना, जिसकी लागत लगभग ₹3808 करोड़ है, के अंतर्गत 150.6 मीटर ऊँचाई वाले बांध के अलावा 42.92 किमी लंबी पुरानी नहर का पुनर्निर्माण और 21.25 किमी नई नहर का निर्माण शामिल है। इससे हल्द्वानी और आस-पास के क्षेत्रों की 10.50 लाख की आबादी को 117 एमएलडी पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही लगभग 57 हजार हेक्टेयर अतिरिक्त सिंचाई क्षमता का सृजन और 9 किमी लंबी झील के रूप में नया पर्यटन केंद्र भी विकसित होगा। मुख्यमंत्री ने इस परियोजना को दिसंबर 2028 तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं, जबकि पहले इसकी समय-सीमा जून 2029 तय थी।

वहीं, सौंग बांध परियोजना, जिसकी लागत लगभग ₹2492 करोड़ है, के तहत 130.6 मीटर ऊँचे बांध, 14.70 किमी लंबी जल वहन प्रणाली, 85 किमी जल वितरण पाइपलाइन और 150 एमएलडी जल शोधन संयंत्र का निर्माण प्रस्तावित है। इससे देहरादून और निकटवर्ती क्षेत्रों की 10.65 लाख आबादी को वर्ष 2053 तक पेयजल की आपूर्ति होगी। 3.5 किमी लंबी झील को भी पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इसके कार्य निर्धारित समय मार्च 2030 से पहले पूरे करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव एस.एन. पाण्डेय, युगल किशोर पंत, अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी. अंशुमन और अपर सचिव बंशीधर तिवारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *