भाजपा नेता का पुतला उड़ाने पर कांग्रेस के करण बिफरे लेकिन प्रताप ने कुछ अलग कहा
देखें वीडियो, जब हुआ ‘विस्फोट’ विरोध के तरीके पर उठी उंगलियां
आंदोलनकारी युवाओं को सड़क छाप कहा था भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने
अविकल थपलियाल
देहरादून। उत्तराखंड में होली से पहले हुए प्रतीकात्मक ‘धमाके’ ने राजनीतिक गलियारे में हलचल मचा दी।
भाजपा नेता महेंद्र भट्ट के पुतले को पटाखे से उड़ाने की घटना ने भाजपा को बेचैन किया हो या नहीं लेकिन कांग्रेस के करण मेहरा ने तत्काल वीडियो की निंदा कर दी। इस ‘विस्फोट’ की सोशल मीडिया में भी मिली जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
पुतला विस्फ़ोट के बाद सोशल मीडिया में जारी इन लाइन- ‘ये धमाका केवल सांकेतिक है समय के साथ वास्तविक धमाका भी देखने को मिलेगा। को पढ़कर राजनीतिक दलों के अलावा खुफिया तंत्र के भी कान खड़े हो गए हैं।
सोमवार की रात एक वीडियो वॉयरल होता है। रात अंधेरे में कुछ युवा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के पुतले को लेकर खड़े हैं। आंदोलन करने वालों को सड़क छाप व छुटभैया नेता बताने वाले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के पुतले को तीली दिखाई जाती है। और पुतले के परखच्चे उड़ जाते हैं। मुर्दाबाद के नारे भी लगते हैं। विरोध का ये एक नया तरीका लेकिन भविष्य के लिए गम्भीर संकेत भी छोड़ गया।
राज्य गठन से पहले और बाद में हुए आंदोलनों में पुतले जलाने की जोर शोर से परम्परा रही है। लेकिन पटाखे से पुतले को उड़ा देना पहली बार देखा गया।

यह प्रयोग पहाड़ की जनता के लिए भी अजब पहेली बन गया। यही नहीं, बॉबी पंवार के बेरोजगार संघ ने इस ‘महेंद्र छाप’ पटाखे के फोड़ने के पीछे अपने मंतव्य को भी साफ किया।
बेरोजगार संघ की ओर से जारी पोस्ट में कहा गया कि-प्रदेश में आंदोलनकारियों को सड़क छाप कहने वाले बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष “महेंद्र छाप” सड़क छाप कहते हैं जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है इसीलिए इन्हें “महेंद्र छाप” पटाखा समझकर फोड़ दिया गया। कृपया आज से इन्हें “महेंद्र छाप” नाम से पुकारा जाए…जनहित में जारी।
इस पटाखे की गूंज के बाद भाजपा संगठन की ओर से मंगलवार सांय तक कोई बयान जारी नहीं होता। लेकिन प्रमुख विरोधी दल कांग्रेस के अध्यक्ष करण मेहरा इस ‘विस्फोट’ की निंदा अवश्य करते हैं।

कांग्रेस नेता कहते हैं कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट से संबंधित एक वीडियो आज वायरल हो रहा है, जो हमारे देश और प्रदेश के लिए शुभ संकेत नहीं है। आपका विरोध किसी दल या व्यक्ति से हो सकता है, परंतु राजनीतिक विरोध से इतर, इस प्रकार का वीडियो अत्यंत निंदनीय और अस्वीकार्य है। ऐसे कृत्यों से शांतिप्रिय प्रदेश उत्तराखंड में आपसी वैमनस्य और विद्वेष की भावना बढ़ती है। शासन-प्रशासन को इस मामले का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
इस मसले पर त्वरित प्रतिक्रिया देने से यह साफ हो गया कि प्रमुख राजनीतिक दल बेरोजगार संघ के युवाओं के इस ‘पटाखे’ के विरोध में हैं।

दूसरी ओर, उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप ने भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष महेंद्र भट्ट द्वारा राज्य आंदोलनकारियों को सड़क छाप बताए जाने की कड़ी निंदा की है।
धीरेंद्र प्रताप राज्य निर्माण आंदोलनकारी के सबसे बड़े संगठन चिन्हित राज्य आंदोलनकारी संयुक्त समिति के केंद्रीय मुख्य संरक्षक भी है ने इस मामले में महेंद्र भट्ट के बयान को बहुत ही बेतुका , ओछा और बचकाना बताते हुए कहा कि महेंद्र भट्ट को अपने इस निकृष्ट बयान के लिए राज्य के हजारों आंदोलनकारियों से माफी मांगनी चाहिए।
Total Hits/users- 30,52,000
TOTAL PAGEVIEWS- 79,15,245