हरिद्वार, देहरादून और चमोली समेत कई जिलों में नियुक्त हुए अध्यक्ष
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। देश में कांग्रेस पार्टी एकमात्र ऐसा राजनैतिक दल है जो सत्ता में आने पर श्रमिकों, कर्मचारियों और मेहनतकशों के हित में नीतियां बनाकर उन पर क्रियान्वयन करती है। यह बात उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित श्रम प्रकोष्ठ के संगठन सृजन कार्यक्रम में कही।
धस्माना ने कहा कि आज प्रदेश में श्रमिक वर्ग की आवाज उठाने वाला कोई मजबूत मंच नहीं है। ऐसे में कांग्रेस श्रम प्रकोष्ठ को संगठित होकर असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को कांग्रेस के साथ जोड़ते हुए उनके अधिकारों की लड़ाई लड़नी होगी। उन्होंने कहा कि राज मिस्त्री, प्लंबर, फिटर, इलेक्ट्रीशियन, दर्जी, मोची, फेब्रिकेशन से जुड़े श्रमिक, ठेली और फड़ लगाने वाले जैसे छोटे-छोटे क्षेत्रों के कामगार संगठित नहीं हैं। इन्हें कांग्रेस श्रम प्रकोष्ठ में जोड़ना होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश श्रम प्रकोष्ठ के अध्यक्ष दिनेश कौशल ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरते हुए श्रमिकों को कांग्रेस के साथ जोड़कर 2027 में पार्टी को सत्ता में लाने के लिए प्रकोष्ठ का हर कार्यकर्ता संकल्पित है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा शुरू किए गए संगठन सृजन अभियान को लक्ष्य तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम में कई पदाधिकारियों की घोषणा की गई। किशोर उनियाल को प्रदेश का वरिष्ठ उपाध्यक्ष, पूनम कंडारी को मुख्य महासचिव, धर्मवीर सैनी (हरिद्वार), के डी कुनियाल (चमोली), हरेंद्र बेदी (महानगर देहरादून), और मनोज सेमवाल (महानगर कोटद्वार) को जिलाध्यक्ष बनाया गया।
इसके अलावा कांति बल्लभ भट्ट को प्रदेश उपाध्यक्ष, उमेश दत्त भारद्वाज और चंद्रपाल को प्रदेश महासचिव, अर्जुन शर्मा को मीडिया प्रभारी, तथा विकास सिंह, उषा चौधरी, सलमा खान, वंदना, सुदेश सैनी और कौशल्या को प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री जगदीश धीमान, प्रवक्ता गिरिराज किशोर हिंदवाण, सुनील जायसवाल, आनंद सिंह पुंडीर, राम गोपाल वर्मा, अजय वर्मा, विक्रांत पोखरियाल, चमनदास समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

