राज्य निर्माण से संसद तक बुलंद रही उनकी आवाज
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। दिवंगत सांसद एवं देहरादून की पूर्व मेयर मनोरमा डोबरियाल शर्मा की 11वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सहित अनेक नेताओं और समाजसेवियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने वीडियो संदेश के माध्यम से कहा कि स्वर्गीय मनोरमा डोबरियाल शर्मा ने प्रथम मेयर के रूप में देहरादून को विश्व पटल पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राज्यसभा सांसद रहते हुए उन्होंने राज्य के सरोकारों को संसद के भीतर मजबूती से उठाया और कम समय में अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि उनकी मजबूत आवाज का अभाव आज भी महसूस होता है।
चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि मनोरमा डोबरियाल शर्मा उत्तराखंड में संघर्ष की प्रतीक थीं और राज्य निर्माण में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि उनके संघर्ष की विरासत को आशा मनोरमा डोबरियाल शर्मा आगे बढ़ा रही हैं।
मुख्य वक्ताओं में कामरेड समर भंडारी ने कहा कि मनोरमा डोबरियाल शर्मा उत्तराखंड कांग्रेस की प्रथम महिला अध्यक्ष, देहरादून की प्रथम मेयर और निर्वाचित महिला राज्यसभा सांसद रहीं। उन्होंने कई ऐतिहासिक कार्य किए, जिनमें देहरादून में प्रथम एशियन मेयर्स कॉन्फ्रेंस का आयोजन भी शामिल है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कामरेड जगदीश कुकरेती ने कहा कि देहरादून को बी-2 श्रेणी दिलाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिससे केंद्रीय कर्मचारियों को अतिरिक्त महंगाई भत्ता प्राप्त हुआ। उन्होंने जमरानी और सौंग बांध परियोजनाओं को पुनर्जीवित करने, मानसरोवर यात्रा को लिपुलेख मार्ग से पुनः संचालित कराने का आग्रह करने तथा चारधाम ऑल वेदर रोड का प्रस्ताव भारत सरकार को देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम की आयोजक मनोरमा डोबरियाल शर्मा मेमोरियल फाउंडेशन की अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेत्री आशा मनोरमा डोबरियाल शर्मा ने कहा कि दिवंगत सांसद के अधूरे कार्यों को पूरा कराने के लिए वे निरंतर प्रयास करती रहेंगी।
कार्यक्रम का संचालन पहाड़ी पार्टी के महासचिव मोहन सिंह नेगी ने किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ आंदोलनकारी एवं समाजसेवी मोहन खत्री, पूर्व प्रधान हरीश भंडारी, आंदोलनकारी राकेश सती, प्रभात डडरियाल, बृजपाल सहित अनेक लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

