छह मार्च से शुरू होगा चारधाम यात्रा का ऑनलाइन पंजीकरण

19 अप्रैल से खुलेंगे यमुनोत्री-गंगोत्री के कपाट, केदारनाथ 22 व बदरीनाथ कपाट 23 अप्रैल को खुलेंगे

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। चारधाम यात्रा 2026 के लिए श्रद्धालुओं का ऑनलाइन पंजीकरण 6 मार्च 2026 से शुरू किया जाएगा। श्रद्धालु 6 मार्च को सुबह 7 बजे से मोबाइल ऐप और वेबलिंक के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकेंगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्ष 2026 में चारधाम के कपाट क्रमशः 19 अप्रैल से खुलेंगे। यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को खोले जाएंगे, जबकि केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल और बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल 2026 को श्रद्धालुओं के लिए खुलेंगे। हेमकुंड साहिब के कपाट खुलने की तिथि आधिकारिक घोषणा के बाद जारी की जाएगी।

चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालु registrationandtouristcare.uk.gov.in वेबलिंक या Tourist Care Uttarakhand मोबाइल ऐप के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। भारतीय श्रद्धालु आधार कार्ड के माध्यम से पंजीकरण कर सकेंगे, जबकि विदेशी श्रद्धालुओं के लिए ई-मेल आईडी के जरिए पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

जिन श्रद्धालुओं के पास आधार कार्ड उपलब्ध नहीं है, उनके लिए पिछले वर्ष की तरह इस बार भी भौतिक पंजीकरण केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर पंजीकरण सेवा कपाट खुलने से दो दिन पहले, 17 अप्रैल 2026 से शुरू की जाएगी।
भौतिक पंजीकरण केंद्र ऋषिकेश में यात्रा पंजीकरण केंद्र एवं ट्रांजिट कैंप, हरिद्वार के ऋषिकुल ग्राउंड तथा देहरादून के विकास नगर में स्थापित किए जाएंगे।

श्रद्धालु किसी भी प्रकार की जानकारी या असुविधा होने पर टोल फ्री नंबर 0135-1364 पर 24 घंटे संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने यात्रा को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा पर आने से पहले अनिवार्य रूप से अपना पंजीकरण करा लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *