अविकल उत्तराखंड
देहरादून। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत राज्य एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया है, जो पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क के संपर्क में रहकर संवेदनशील संस्थानों की जानकारी साझा कर रहा था। प्रारंभिक पूछताछ में देशविरोधी गतिविधियों और आतंकी साजिश से जुड़े कई गंभीर खुलासे सामने आए हैं।
एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि राज्य एसटीएफ ने 9 अप्रैल की देर रात थाना प्रेमनगर क्षेत्र से विक्रांत कश्यप (29) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से .32 बोर की अवैध पिस्टल, 7 जिंदा कारतूस, स्प्रे पेंट और मोबाइल फोन बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान में बैठे आतंकी शहजाद भट्टी और उसके सहयोगियों के संपर्क में था।
संवेदनशील स्थानों की रेकी और TTH के नाम पर दहशत फैलाने की साजिश
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी देहरादून के महत्वपूर्ण सरकारी व सैन्य संस्थानों की लोकेशन और वीडियो फुटेज पाकिस्तान भेज रहा था। उसे “तहरीक-ए-तालिबान-हिन्दुस्तान (TTH)” के नाम से शहर में दहशत फैलाने, संवेदनशील स्थानों पर लिखावट करने और आगे आतंकी हमलों की तैयारी के निर्देश दिए गए थे। मामले में अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर विस्तृत जांच जारी है।

