सीक्रेट केबिन में छिपाकर लाई जा रही थी रकम
आयकर विभाग की पूछताछ जारी
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कैंट थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान महाराष्ट्र नंबर की एक संदिग्ध स्कॉर्पियो से लगभग 1 करोड़ 55 लाख रुपये की नगद धनराशि बरामद की है।
बरामद रकम के संबंध में वाहन सवार कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। मामले में आयकर विभाग अग्रिम कार्रवाई कर रहा है।
पुलिस के अनुसार 15 मई को कैंट पुलिस राजेंद्र नगर कौलागढ़ क्षेत्र में सिरमौर मार्ग पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध प्रतीत होने पर स्कॉर्पियो वाहन संख्या MH12XT 3245 को रोककर जांच की गई। पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम सतीश भाई निवासी विसनगर, जिला मेहसाणा, गुजरात बताया। वाहन में उसके साथ जसवंत संघ बनाजी निवासी पाटन, गुजरात तथा सचिन पटेल निवासी विसनगर, गुजरात भी सवार थे।
देखें वीडियो
वाहन के दस्तावेज मांगने पर चालक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। संदेह होने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, जिस पर चालक ने वाहन में भारी मात्रा में नकदी होने की जानकारी दी। उसने बताया कि रकम वाहन की बीच और पिछली सीट के बीच बने सीक्रेट केबिन में छिपाकर रखी गई है।
सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने तत्काल आयकर विभाग को मौके पर बुलाया। क्षेत्राधिकारी नगर और आयकर विभाग की टीम की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो में बनाए गए गुप्त केबिन से लगभग 1 करोड़ 55 लाख रुपये नकद बरामद हुए।
प्रारंभिक पूछताछ में वाहन चालक ने बताया कि वह यह रकम बनारस से लेकर आया था और इसे वाहन में सवार जसवंत को देने वाला था। हालांकि बरामद धनराशि के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। आयकर विभाग की टीम तीनों व्यक्तियों से गहन पूछताछ कर रही है और रकम का आकलन किया जा रहा है। पुलिस ने संबंधित वाहन को सीज कर दिया है।
बरामदगी
लगभग 1 करोड़ 55 लाख रुपये नकद
महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन संख्या MH12XT 3245
पुलिस टीम
स्वप्निल मुयाल, क्षेत्राधिकारी नगर
शंकर सिंह बिष्ट, प्रभारी निरीक्षक कैंट
विनयता चौहान, चौकी प्रभारी बिंदाल
वीरेंद्र राम, अपर उपनिरीक्षक
योगेश सैनी, कांस्टेबल
आयकर विभाग टीम
पंकज खत्री, सहायक आयकर निदेशक
शशांक पाल, आयकर निरीक्षक
कमलेश पंत, आयकर निरीक्षक

