डॉग हैण्डलर व डॉग को ट्रॉफी व प्रशस्ति पत्र से नवाजा
पुलिस बल को दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। देश के पहले गृहमंत्री लौह पुरूष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयन्ती राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिस महानिदेशक ने समस्त पुलिस बल को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर वर्ष 2021-22 के लिये अति उत्कृष्ट सेवा पदक एवं उत्कृष्ट सेवा पदक हेतु उत्तराखण्ड पुलिस के घोषित अधिकारियों/कर्मचारियों को डीजीपी अशोक कुमार, ने सम्मानित किया।

साथ ही उत्कृष्ट विवेचना के लिए हरिओम राज चौहान निरीक्षक जनपद हरिद्वार (वर्तमान में जनपद देहरादून), शम्भू सिंह सजवाण सेवानिवृत्त उप निरीक्षक एवं हिमांशु पन्त, निरीक्षक जनपद पिथौरागढ़ को 25 हजार रूपए के नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया।
पुख्ता जांच पर मिली सजा
तीन नवम्बर, 2019 को दीपक कुमार बलूनी की ओर से 6 माह के पुत्र के घर से गायब होने के सम्बन्ध में दी गई सूचना पर थाना कनखल में अभियोग पंजीकृत कर जांच उपनिरीक्षक शम्भू सिंह सजवाण को दी गयी। जांच से प्रकाश में आये सभी तथ्यों के आधार पर बच्चे की गुमशुदी में माँ की संदिग्धता पाये जाने के आधार पर गहनता से पूछताछ में उसके द्वारा स्वयं अपने बच्चे को मारकर नदी में बहाना बताया।
जिसके आधार पर अभियुक्ता/मृत बच्चे की माँ को धारा 302, 201 भादवि के अन्तर्गत गिरफ्तार कर अभियोग का अनावरण किया। अभियोग की विवेचना निरीक्षक हरिओम राज चौहान द्वारा ग्रहण करने पर अभियोग में पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्ता के विरूद्ध आरोप पत्र न्यायालय प्रेषित किया गया। संकलित साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय द्वारा 6 अक्टूबर, 2023 को अभियुक्ता को आजीवन कारावास से दण्डित किया गया।
वृद्धा के ब्लाइंड मर्डर को किया पर्दाफाश
13 मई, 2023 को जनपद पिथौरागढ़ के कोतवाली डीडीहाट क्षेत्रान्तर्गत थल-डीडीहाट रोड़ पर खाई में एक महिला का शव पड़े होने की सूचना प्राप्त हुई। मृतका की पहचान 73 वर्षीय श्रीमती हीरा देवी के रूप में हुई। इस सम्बन्ध में अभियोग पंजीकृत कर विवेचना निरीक्षक हिमांशु पन्त द्वारा की गई। लगभग 100 सीसीटीवी कैमरों का गहनता से अवलोकन एवं 50 लोगों से पूछताछ में अल्टो कार की संदिग्धता पायी गयी। जिसके उपरान्त 17 मई, 2023 को उक्त अल्टो कार चालक को बिन्दुखता लालकुआँ, नैनीताल से लूटे गये करीब 3 लाख रूपये एवं सभी जेवरातों सहित 5 दिवस के अन्दर गिरफ्तार कर सफल अनावरण किया।
डॉग हैण्डलर व श्वान को ट्रॉफी व प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया
ऊधमसिंहनगर के श्वान दल में तैनात डॉग हैण्डलर मुख्य आरक्षी पीएसी योगेन्द्र सिंह राघव व श्वान कैटी (ट्रैकर) को उनके द्वारा जनपद ऊधमसिंहनगर में विभिन्न गंभीर प्रवृत्ति के अपराधों के अनावरण में स्थानीय पुलिस की सहायता के दृष्टिगत उत्साहवर्धन हेतु उपरोक्त डॉग हैण्डलर व श्वान को ट्रॉफी व प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पीवीके प्रसाद, अभिनव कुमार,अमित सिन्हा प्रशासन, ए पी अंशुमान सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

