SATTE 2026 – इको-फ्रेंडली ट्रेल्स और होमस्टे पर फोकस

संभावनाओं को वैश्विक मंच पर कर रहा उत्तराखंड प्रदर्शित

अविकल उत्तराखंड

नई दिल्ली। दक्षिण एशिया के सबसे बड़े पर्यटन मेले SATTE 2026 में उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (UTDB) अपने दोनों निगमों कुमाऊं मंडल विकास निगम (KMVN) और गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) के साथ संयुक्त रूप से सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रहा है। 25 से 27 फरवरी तक यशोभूमि (IICC), द्वारका, नई दिल्ली में आयोजित इस तीन दिवसीय आयोजन में उत्तराखंड अपने विविध पर्यटन स्थलों और नई पहलों का प्रदर्शन कर रहा है।

कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने किया।

मुख्य आकर्षण और प्रदर्शनी
इस वर्ष उत्तराखंड का मुख्य फोकस ‘इको-फ्रेंडली माउंटेन ट्रेल्स’ और ‘होमस्टे आधारित पर्यटन’ पर है। बजट 2026 में घोषित नई पर्वत श्रृंखलाओं और ट्रेकिंग रूट्स को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है।
उत्तराखंड पवेलियन में राज्य के लगभग 99 सह-प्रदर्शक भाग ले रहे हैं, जिनमें होटल व्यवसायी, टूर ऑपरेटर्स और एडवेंचर पर्यटन से जुड़े विशेषज्ञ शामिल हैं।

स्थानीय निवासियों द्वारा संचालित होमस्टे को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष खंड बनाया गया है, जिससे पर्यटकों को राज्य की पारंपरिक संस्कृति और आतिथ्य का अनुभव मिल सके।

प्रमुख रणनीतिक पहल
पर्यटन विभाग के अधिकारी और राज्य के हितधारक अंतरराष्ट्रीय और घरेलू खरीदारों के साथ बी2बी बैठकें कर रहे हैं, ताकि राज्य में निवेश और पर्यटकों की संख्या बढ़ाई जा सके।

प्रदर्शनी के दौरान निवेशकों को नई पर्यटन नीति 2026 की जानकारी भी दी जा रही है। इस नीति में हेली-टूरिज्म, कारवां टूरिज्म और एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए आकर्षक सब्सिडी और प्रोत्साहन का प्रावधान किया गया है।

उत्तराखंड सतत और जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने के अपने रोडमैप को भी इस वैश्विक मंच पर प्रस्तुत कर रहा है।
अपर निदेशक पर्यटन पूनम चंद ने बताया कि SATTE उत्तराखंड के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है, जहां केदारनाथ और बदरीनाथ जैसे पारंपरिक स्थलों के साथ-साथ राज्य के ऑफबीट पर्यटन स्थलों और साहसिक गतिविधियों को भी वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर प्रदर्शित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *