शहर को आदर्श राजधानी बनाएगी कांग्रेस – सूर्यकांत
अविकल उत्तराखंड
देहरादून: देहरादून में कांग्रेस का मेयर व बहुमत वाला बोर्ड बनाएं हम देहरादून को देश की एक आदर्श राजधानी बनाएंगे यह अपील जनता से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने आज कैंट विधानसभा क्षेत्र के पश्चिम पटेलनगर वार्ड में निकाय चुनावों में कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी वीरेंद्र पोखरियाल व वार्ड पार्षद प्रत्याशी नेहा शर्मा के लिए जन संपर्क के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए की। उन्होंने कहा कि पिछले पंद्रह सालों से लगातार देहरादून की जनता ने भारतीय जनता पार्टी का मेयर व उन्हीं के बहुमत वाला बोर्ड चुना किंतु भाजपा ने देहरादून की जनता की नागरिक सुविधाओं का कोई ख्याल नहीं रक्खा और पिछले नगर निगम बोर्ड ने तो स्मार्ट सिटी के नाम पर हजारों करोड़ रुपए मिलने के बाद भी शहर का भट्टा बैठा दिया।
धस्माना ने कहा कि शहर में पिछले ढाई दशकों में आबादी का दबाव कई गुणा बढ़ गया लेकिन बिजली पानी सड़क सफाई जैसी नागरिक सुविधाओं में उस अनुपात में कोई विकास नहीं हुआ जिसके कारण आज पूरा शहर दिन भर जाम से हल्कान रहता है और पूरा शहर बरसातों में जल भराव का दंश झेलता है। धस्माना ने कहा कि कूड़ा निस्तारण का कोई ठोस इंतजाम राज्य बनने के पच्चीसवें साल भी नहीं हो पाना एक दुर्भाग्यपूर्ण। उन्होंने कहा कि इस बार देहरादून में परिवर्तन की बयार चल रही है और निश्चित रूप से इस बार मेयर समेत बहुमत वाला बोर्ड कांग्रेस का बनेगा।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डाक्टर जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि उत्तराखंड में जब भी कांग्रेस की सरकार रही तब प्रदेश में विकास हुआ और चाहे शहरी क्षेत्र हो या ग्रामीण सभी जगह आम नागरिकों की सुविधाओं और क्षेत्र के विकास का विशेष ध्यान रखा गया किंतु भाजपा के राज में केवल धार्मिक ध्रुवीकरण की राजनीति होती है और आम जनता के मुद्दों से उनको कोई सरोकार नहीं रहता।
पटेलनगर पश्चिम के पूर्व वार्ड अध्यक्ष एस पी सूरी जो कुछ समय पहले कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल हो गए थे उन्होंने वापस कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान पूर्व मंत्री दिनेश अग्रवाल के साथ वे भाजपा में शामिल हो गए थे किंतु जब उन्होंने देखा कि भाजपा में पूर्व मंत्री का ही सम्मान नहीं हो रहा तो आम कार्यकर्ता को क्या सम्मान मिलेगा वे अपनी गलती स्वीकार करते हुए वापस कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं और अब पूरी निष्ठा से कांग्रेस प्रत्याशियों को जिताने के लिए मेहनत करेंगे।
इस अवसर पर पार्षद प्रत्याशी नेहा शर्मा,महानगर कांग्रेस उपाध्यक्ष रंजीत सिंह गुलाटी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत राठी, ब्लॉक उपाध्यक्ष सरदार जसविंदर सिंह मोठी, शराफत अली, अमित राय,विनोद वाल्मीकि, वार्ड अध्यक्ष हेमंत माटा, सौरव शर्मा, गुरदीप सिंह रावत आदि प्रमुख कार्यकर्ता जन संपर्क में साथ रहे।
Total Hits/users- 30,52,000
TOTAL PAGEVIEWS- 79,15,245