एसएसबी ने शुरु किया सात दिवसीय भर्ती पूर्व प्रशिक्षण

पिथौरागढ़, झूलाघाट, बगरीहाट, जौलजीबी में युवा सीखेंगे भर्ती के हुनर

फिजिकल तथा थ्योरिकल पर करेंगे फोकस

कमांडेंट आशीष कुमार ने किया शुभारंभ

सोसायटी फॉर एक्सन इन हिमालया है सहयोगी संस्था

अविकल उत्तराखंड

पिथौरागढ़। गृह मंत्रालय एवं सशस्त्र सीमा बल मुख्यालय के निर्देशानुसार सोमवार को 55 वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, पिथौरागढ़ के तत्वावधान में सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं के लिए केंद्रीय सशस्त्र बलों में भर्ती-पूर्व प्रशिक्षण हेतु सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम कमांडेंट आशीष कुमार के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में वाहिनी मुख्यालय, पिथौरागढ़ के साथ-साथ सीमा चौकी जौलजीबी, झुलाघाट एवं बगडीहाट के कार्यक्षेत्र में आने वाले सीमावर्ती युवाओं/युवतियों के लिए इन चारों स्थानों पर एक साथ प्रारंभ किया गया।

झुलाघाट, जौलजीबी एवं बगरीहाट में संबंधित कंपनी कमांडरों द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
इस केंद्रीय सशस्त्र बलों में भर्ती पूर्व प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में निवास करने वाले युवाओं को केंद्रीय सशस्त्र बलों में भर्ती की प्रक्रिया हेतु शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक रूप से सक्षम बनाना है। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, राष्ट्रसेवा की भावना तथा प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने पर विशेष बल दिया जा रहा है। सशस्त्र सीमा बल द्वारा सीमावर्ती युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने एवं उन्हें केंद्रीय सशस्त्र बलों में सेवा का अवसर प्रदान करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी पहल है।

यह संपूर्ण केंद्रीय सशस्त्र बलों में भर्ती पूर्व प्रशिक्षण कार्यक्रम सोसाइटी फॉर एक्शन इन हिमालया, पिथौरागढ़ के सौहार्दपूर्ण सहयोग से संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत आवश्यक संसाधन, समन्वय एवं सहयोग प्रदान किया जा रहा है ताकि प्रशिक्षण कार्यक्रम को प्रभावी, व्यवस्थित एवं परिणामोन्मुखी बनाया जा सके। सीमावर्ती क्षेत्र के युवाओं के सामाजिक, आर्थिक एवं व्यक्तिगत विकास में इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर आशीष कुमार, कमांडेंट, 55वीं वाहिनी ने उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों के युवा देश की सुरक्षा व्यवस्था की प्रथम पंक्ति हैं तथा उनमें केंद्रीय सशस्त्र बलों में सेवा करने की अपार क्षमता विद्यमान है। उन्होंने युवाओं से प्रशिक्षण अवधि के दौरान अनुशासन का पूर्णतः पालन करने, अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर समर्पित रहने तथा इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने भर्ती से संबंधित अपने अनुभवों एवं महत्वपूर्ण जानकारियों को युवाओं के साथ साझा किया तथा यह भी कहा कि सशस्त्र सीमा बल सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर प्रयासरत है।

इस अवसर पर डॉ. सौम्या हलदर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा युवाओं को शारीरिक स्वास्थ्य, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, मानसिक सुदृढ़ता एवं चिकित्सा परीक्षण के विषय में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि उत्तम स्वास्थ्य, सकारात्मक सोच एवं अनुशासित जीवनशैली ही केंद्रीय सशस्त्र बलों में सफलता का आधार है और युवाओं को प्रारंभ से ही स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए।

कार्यक्रम में उप कमांडेंटगण अजय कुमार, त्रिभुवन प्रसाद तथा निमित अहलावत की गरिमामयी उपस्थिति रही। अधिकारियों द्वारा युवाओं को केंद्रीय सशस्त्र बलों में भर्ती प्रक्रिया, प्रशिक्षण की संरचना तथा सेवा के दौरान उपलब्ध करियर अवसरों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई तथा युवाओं का उत्साहवर्धन किया गया।

इसके अतिरिक्त सोसाइटी फॉर एक्शन इन हिमालया के निदेशक जगत सिंह मर्तोलिया ने अपने संबोधन में कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं के लिए केंद्रीय सशस्त्र बलों में भर्ती पूर्व प्रशिक्षण कार्यक्रम उनके आत्मविश्वास को सुदृढ़ करने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने सशस्त्र सीमा बल के साथ भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक एवं विकासात्मक कार्यक्रमों में सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। कहा कि इस मुहिम को आगे भी जारी रखा जाएगा। उन्होंने कमांडेंट आशीष कुमार का आभार प्रकट किया।

सात दिवसीय इस केंद्रीय सशस्त्र बलों में भर्ती पूर्व प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान अनुभवी प्रशिक्षकों की टीम द्वारा प्रतिभागी युवाओं को शारीरिक दक्षता, लिखित परीक्षा की तैयारी, सामान्य ज्ञान, अनुशासन, जीवन कौशल एवं केंद्रीय सशस्त्र बलों में करियर से संबंधित विषयों पर गहन एवं व्यवस्थित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सीमावर्ती युवाओं के लिए केंद्रीय सशस्त्र बलों में चयन की दिशा में एक सशक्त, सकारात्मक एवं प्रेरणादायक कदम सिद्ध होगा तथा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के साथ-साथ राष्ट्र की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *