एसटीएफ ने फर्जी जन सेवा केंद्र का किया भंडाफोड़

आधार-पैन और मार्कशीट बनाने वाला आरोपी गिरफ्तार

सिडकुल में नौकरी दिलाने के लिए बनते थे फर्जी स्थानीय दस्तावेज

भारी मात्रा में प्रमाण पत्र और उपकरण बरामद

अविकल उत्तराखंड

देहरादून/रुद्रपुर। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में चलाए जा रहे सत्यापन अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) उत्तराखंड ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऊधम सिंह नगर के ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र में फर्जी तरीके से संचालित एक जन सेवा केंद्र का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त कार्रवाई में फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और मार्कशीट बनाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर केंद्र को सील कर दिया गया।

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देश पर एसटीएफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने सभी टीमों को राज्य में फर्जी तरीके से संचालित जन सेवा केंद्रों तथा फर्जी आधार, आयुष्मान और राशन कार्ड बनाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के पर्यवेक्षण तथा पुलिस उपाधीक्षक आर.बी. चमोला के निर्देशन में 17 फरवरी 2026 को निरीक्षक विकास चौधरी के नेतृत्व में एसटीएफ कुमाऊं यूनिट ने ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र स्थित गंगवार जन सेवा केंद्र पर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने चेतन कुमार (21 वर्ष), निवासी ग्राम एंचैरा, थाना पटवाई, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी गड्डा कॉलोनी, ट्रांजिट कैम्प, को कंप्यूटर पर फर्जी मार्कशीट तैयार करते हुए गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले एक वर्ष से यह केंद्र चला रहा था। सिडकुल क्षेत्र के निकट होने के कारण यहां बाहरी राज्यों से आने वाले लोग स्थानीय पहचान पत्र बनवाकर नौकरी प्राप्त करने के लिए उसके पास आते थे। वह एक सॉफ्टवेयर के माध्यम से फोटो और विवरण संपादित कर फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और मार्कशीट तैयार कर मनमाने दामों पर उपलब्ध कराता था।
तलाशी के दौरान केंद्र से 42 आधार कार्ड, 55 पैन कार्ड, 9 मार्कशीट, एक कंप्यूटर सेट, प्रिंटर और बायोमेट्रिक फिंगर स्कैनर बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में कई दस्तावेज फर्जी पाए गए हैं। आरोपी ने अब तक लगभग 400 से 500 लोगों के फर्जी दस्तावेज तैयार करने की बात स्वीकार की है।

आरोपी के खिलाफ ट्रांजिट कैम्प थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसटीएफ ने कहा है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *