कालसी के माध्यमिक विद्यालय में कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रूपऊ, कालसी में कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य मार्गदर्शक पीसीएस अधिकारी एवं स्टेट जीएसटी डिप्टी कमिश्नर विजय कुमार ‘द्रोणी’ ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि यदि शिक्षार्थी स्वयं को अनुशासन के दायरे में रखकर कठिन परिश्रम करें तो सफलता अवश्य मिलती है।
उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सरकारी सेवा में आने के लिए उन्होंने लगातार आठ प्रतियोगी परीक्षाएं उत्तीर्ण कीं, जो विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने कविता के माध्यम से भी छात्र-छात्राओं को शिक्षा, परीक्षा और प्रतियोगिताओं के प्रति जागरूक किया तथा उनके प्रश्नों का विस्तार से उत्तर दिया।

कार्यक्रम में जियोलॉजिस्ट एवं उत्तराखंड जल विद्युत निगम के डिप्टी जनरल मैनेजर संजय कुमार ने विभिन्न विषयों की जटिलताओं से विद्यार्थियों को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को स्वयं से प्रतिबद्ध होकर अपनी प्राथमिकताएं तय करनी चाहिए और उसी के अनुरूप दिनचर्या बनाकर लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने इंजीनियरिंग के विभिन्न क्षेत्रों, उनमें प्रवेश की संभावनाओं तथा उपलब्ध अवसरों के बारे में भी जानकारी दी।
कृषि विभाग से सेवानिवृत्त अधिकारी दिगंबर सिंह ने विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र में उपलब्ध कैरियर संभावनाओं से अवगत कराया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य नंदकिशोर यादव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों से अपेक्षा जताई कि वे अनुभवी अधिकारियों के मार्गदर्शन से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में सफलता प्राप्त करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षक एवं उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के पूर्व सदस्य डॉ. जितेन्द्र सिंह बुटोइया ने किया।
कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में शिक्षिका मीनाक्षी तिवारी ने सहयोग किया तथा सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर कक्षा 10 के सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे।

