किसानों को मिलेगा बेहतर सिंचाई तंत्र
डोईवाला विधायक ने किया भूमि पूजन
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने बालावाला क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 3 करोड़ 24 लाख 87 हजार रुपये की लागत से स्वीकृत बालावाला नहर के कुलाओं, शमशेरगढ़ माइनर, माली मोहल्ला माइनर तथा हर्रावाला माइनर के पुनरोद्धार एवं निर्माण कार्यों का भूमि पूजन कर शुभारंभ किया।

इस अवसर पर विधायक गैरोला ने कहा कि क्षेत्र के किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इन कार्यों के पूर्ण होने से कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा तथा किसानों को सिंचाई संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में बालावाला के पार्षद प्रशांत खरोला, नत्थूवाला की पार्षद स्वाति डोभाल, नकरौंदा के पूर्व प्रधान राहुल पंवार, रैना, नत्थी प्रसाद उनियाल सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

सिंचाई विभाग की ओर से सहायक अभियंता वाई.पी. देवराड़ी, अपर सहायक अभियंता प्रशांत बहुगुणा, कनिष्ठ अभियंता ओम प्रकाश भट्ट तथा कमलेश सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।



